फरीदाबाद : [पत्रकार प्रमिला] शहर में कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ने लगे हैं। इसे ध्यान में रखते हुए सेक्टर-16 में किडनी मरीजों को कोविड के प्रति अलर्ट करने के उद्देश्य से जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 140 लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. मोहित खिरबत ने कहा कि कोरोना महामारी अभी खत्म नहीं हुई है। इसलिए कोविड संक्रमण को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
सामान्य लोगों की तुलना में किडनी मरीजों को कोविड का खतरा ज्यादा होता है। अगर किडनी मरीज को कोविड हो गया तो उनमें कोविड ज्यादा गंभीर हो सकता है क्योंकि किडनी समस्या या किडनी ट्रांसप्लांट या डायलिसिस के कारण उनके शरीर की इम्युनिटी कम हो जाती है। इसलिए सलाह दी जाती है कि किडनी के मरीज मौजूदा इलाज की दवाइयां नियमित रूप से लेते रहें। खासकर किडनी ट्रांसप्लांट के मरीजों की कोई भी दवाई बीच में नहीं छूटनी चाहिए। अगर किसी मरीज की डायलिसिस चल रही है तो वह अपना डायलिसिस कराते रहें क्योंकि डायलिसिस बीच में छोड़ने पर इमरजेंसी स्थिति की नौबत आ सकती है। इसलिए वे चेहरे पर अच्छा मास्क पहनकर, सेनिटाइजर का इस्तेमाल और उचित सामाजिक दूरी का पालन करते हुए अपना डायलिसिस नियमित कराते रहें।
