फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] कृषि कानून के विरोध में हरियाणा सरकार के मंत्री बनवारी लाल का शुक्रवार को किसानों ने काले झंडे दिखाकर विरोध किया। तीन माह से अधिक समय से धरने पर बैठे किसानों का आंदोलन अब गांव-गांव तक पहुंच चुका है। शुक्रवार को पलवल में हरियाणा सरकार के मंत्री पंचायत भवन में ग्रीवांस कमेटी की बैठक लेने पहुंचे थे। इसके बारे में किसान-मज़दूर संघर्ष समिति को पता चला तो भारी संख्या में किसान पलवल पंचायत भवन पहुंच गए और भाजपा सरकार के विरोध में नारे लगाने शुरू कर दिए।
हरियाणा सरकार के मंत्री को काले झंडे दिखा अपना विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर किसान नेता जगन डागर ने कहा कि जिस तरह से आज हरियाणा सरकार के मंत्री बनवारी लाल का किसानों ने विरोध किया है इससे ज्यादा जबर्दस्त विरोध डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के 21 मार्च के कार्यक्रम में देखने को मिल सकता है। इससे पहले 52 पाल की सरदारी किसान-मजदूर संघर्ष समिति के बैनरतले शुक्रवार को भारी पुलिस बल की उपस्थिति में जंवा गांव में राजेन्द्र मलिक की अध्यक्षता में पंचायत हुई। इसके साथ ही पलवल ग्रीवांस कमेटी की बैठक में पहुंचे हरियाणा सरकार के मंत्री बनवारी लाल का किसानों ने विरोध किया। जंवा गांव की पंचायत में भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। सभी ने किसान-संघर्ष समिति को समर्थन देते हुए कहा अब देश पर वही राज करेगा जो किसान हित की बात करेगा।
