होली से पहले मौसम एक बार फिर करवट लेने की तैयारी में है। बता दें कि उत्तरी अफगानिस्तान और इससे सटे भागों पर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। जो पश्चिमी हिमालयी भागों की तरफ बढ़ रहा है। उम्मीद है कि 27 मार्च की रात से उसका प्रभाव उत्तर भारत के पहाड़ों पर दिखेगा। इसका असर 28 मार्च को उत्तर के पर्वतीय राज्यों के पास आने की उम्मीद है।
जिसकी वजह से फिर पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। उत्तर भारत के पहाड़ों के अलावा कुछ एक पूर्वोत्तर क्षेत्रों और दक्षिण भारत के केरल में छिटपुट वर्षा के आसार नजर आ रहे हैं। उत्तर-पश्चिमी भारत के लिए जारी मौसम की चेतावनी में मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 28 और 29 मार्च को बिजली कड़कने के साथ-साथ कुछ जगहों पर बारिश व ओले गिरने का अनुमान लगाया है। देश के शेष सभी भागों में अब मार्च के आखिर तक मौसम शुष्क नजर आएगा। होली पर उत्तराखंड में अधिकांश जगह मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने व्यक्त किया है। विभाग की मानें तो शुक्रवार को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन 27 व 28 को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ के ऊचांई वाले स्थानों पर शाम के बाद हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
