दिल्ली में पिछले साल फरवरी माह में भड़के दंगों के दौरान मारे गए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के कर्मचारी और दिल्ली के दंगा पीड़ित अंकित शर्मा के भाई को दिल्ली सरकार जल्द ही सरकारी नौकरी देने वाली है। इससे पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उनके परिवार को 1 करोड़ रुपए की सहायता राशि सौंपी थी। इसके साथ ही उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया था वे उनके भाई को सरकारी नौकरी देंगे।
आज इस संबंध में दिल्ली कैबिनेट ने एक प्रस्ताव पास करते हुए आईबी के दिवंगत कर्मचारी अंकित शर्मा के भाई अंकुर शर्मा को दिल्ली सरकार में नौकरी देने का प्रस्ताव पारित कर दिया। अब अंकित शर्मा के भाई को योग्यता के आधार पर दिल्ली सरकार में नौकरी दी जाएगी। अंकित शर्मा उत्तर पूर्वी दिल्ली में अपने परिवार के साथ रहते थे।दिल्ली हिंसा के दौरान भीड़ द्वारा किए गए हमले में उनकी मौत हो गई थी।एफआईआर के मुताबिक अंकित शर्मा 25 फरवरी की शाम घर से किसी काम से निकले थे जिसके बाद दूसरे दिन उनका शव चांदबाग के पास के नाले से मिला था। अंकित शर्मा के पिता रविंदर कुमार ने इलाके के काउंसिलर ताहिर हुसैन को इस हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया था। अंकित शर्मा के शव पर बरामदगी के समय 51 जख़्म मिले थे। लेकिन पिछले साल 11 मार्च को लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने अंकित शर्मा के शरीर पर 400 घावों के पाए जाने की बात कही थी।
