फरीदाबाद : [पत्रकार मिथलेश मिश्रा] हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के प्लॉट धारकों के दस्तावेज संबंधित खामियों को अब जिला स्तर पर ही दुरुस्त किया जाएगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक ने जिले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी को यह शक्तियां दी हैं। इस बाबत जिले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रशासक और संपदा अधिकारी को मुख्य प्रशासक ने पत्र जारी कर दिया है।
मुख्यालय स्तर पर खामियों को किया जाता था दुरुस्त
गौरतलब है कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण में प्लॉट संबंधित अधिकांश काम ऑनलाइन होता है। ऐसे में अगर किसी प्लॉट धारक की तरफ से ज्यादा भुगतान या कम भुगतान करने, नाम सहित अन्य विवरणों में हुई खामियों को दुरुस्त करने, मकान का निर्माण पूरा होने के बाद संबंधित व्यक्ति को घर में प्रवेश करने संबंधित दस्तावेज देने आदि के कार्य के कागजों में खामी होने की सूरत में उस मामले को मुख्यालय भेजा जाता था। वहां से ठीक होने के बाद ही संबंधित व्यक्ति का रिकॉर्ड ऑनलाइन दुरुस्त किया जाता था।
मुख्य प्रशासक को सौंपा था ज्ञापन
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्लॉटधारकों के सामने रिकॉर्ड करने की आ रही दिक्कतों को लेकर फरीदाबाद एस्टेट एजेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन की कार्यकारिणी एक बैठक हुई थी। जिसमें रियल एस्टेट कारोबारियों एवं प्लॉट धारकों की समस्याओं को लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासन को ज्ञापन देने का फैसला किया था। एसोिएशन के के महासचिव गुरमीत सिंह देओल ने बताया कि एसोसिशन के तरफ से संबंधित समस्याओं को लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी को चण्डीगढ़ जाकर उनको ज्ञापन दिया था। उन्होंने बताया कि मुख्य प्रशासक ने प्लॉटधारकों की समस्या को दूर करने के लिए जिले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी को रिकॉर्ड संबंधित काफी खामियों को दूर करने के लिए शक्ति दी है। इससे लोगों की समस्या अब जल्द निपटान होगा। अब से पहले दो से तीन महीने का समय लग जाता था।
