कोरोना काल के कारण करीब एक साल से बंद पड़ी पैसेंजर गाड़ियों को अब दोबारा से चलाया जाएगा। पहली ट्रेन 11 अप्रैल से फुलेरा से रेवाड़ी के बीच चलेगी। बता दें कि कुल तीन गाड़ियां नारनौल ट्रेक पर रेवाड़ी से फुलेरा के मध्य चलेंगी और इनके संचालन का समय लगभग पूर्ववत ही रखा गया है। मगर इस यह ट्रेन एक्सप्रेस के रूप में चलेंगी और इनका नजदीकी स्टेशनों का किराया कम से कम 30 रुपये होगा, जबकि पूर्व में यही किराया महज 15 रुपये था। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के चलते ट्रेनों का एकदम से बंद कर दिया गया था। बाद में हालांकि कुछेक स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया, लेकिन छोटे रूटों की पैसेंजर गाड़ियां फिर भी बंद ही रही।
बता दें कि जयपुर मंडल की ओर से जिन तीन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, वह गाड़ियां अब एक्सप्रैस के तौर पर चलाई जाएंगी। दो गाड़ियां अप एवं डाउन में 11 अप्रैल से रेवाड़ी-नारनौल-फुलेरा के मध्य चलाई जाएंगी। जबकि एक ट्रेन 13 अप्रैल से चलाई जाएगी। यह तीनों ट्रेन ही रोजाना अप-डाउन में चलेंगी और इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकेगी।
यहां देखिए ट्रेनों के संचालन की समय सारणी
ट्रेन नंबर 09723 फुलेरा से प्रात: 3 बजकर 20 मिनट पर चलेगी और नारनौल 6 बजकर 48 मिनट पर आएगी। यह ट्रेन 8 बजकर 20 मिनट पर रेवाड़ी पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 01724 रेवाड़ी से प्रात: 9 बजकर 10 मिनट पर चलेगी और 10 बजकर 20 मिनट पर नारनौल आएगी। यहां से चलकर यह ट्रेन 14:20 बजे फुलेरा पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 09733 फुलेरा से 17 बजकर 33 मिनट पर चलेगी और 21:19 बजे नारनौल आएगी। यहां से 22:50 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 09736 रेवाड़ी से 5:25 बजे चलेगी और 6:29 बजे नारनौल आएगी तथा 10:35 बजे फुलेरा पहुंचेगी। यह ट्रेन 11 अप्रैल से चलेंगी।
जबकि 13 अप्रैल से चलने वाली ट्रेन नंबर 09725 फुलेरा से 11:55 बजे चलेगी और नारनौल 15:20 मिनट पर आएगी। यहां से ट्रेन 16:50 बजे फुलेरा पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 09526 फुलेरा से 18:40 बजे चलेगी और 19:42 बजे नारनौल आएगी तथा 23:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी। यह ट्रेनें सभी लोकल स्टेशनों पर रूकते हुए अपने गंतव्य को आएंगी व जाएंगी।
