फरीदाबाद : सीएम मनोहर लाल ने गुरुवार को वीसी के माध्यम से स्वामित्व योजना, ऑनलाइन म्युटेशन, ऑनलाइन जमाबंदी व जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा इन कार्यों में और तेजी लाई जाए। सीएम ने स्वामित्व योजना के तहत अधिकारियों से कहा कि यह एक महत्वपूर्ण योजना है।
इसके तहत हमें बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए लाभार्थी को इसका लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा इस विषय को लेकर बेहतर कार्य किया जा रहा है, लेकिन जो कुछ कमी रह गई है उसे दूर करना है। उन्होंने कहा लाल डोरा खत्म हो गया है। सभी प्रापर्टी की आईडी होना अनिवार्य है। इसलिए हमें मिलकर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना है। उन्होंने ऑनलाइन जमाबंदी व ऑनलाइन म्युटेशन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए प्रदेश में बेहतर तरीके से किया गया है। जहां हमें जल को हर घर तक पहुंचाना है, वहीं जल व्यर्थ न बहे, उसका सुदपयोग कर उसे दोबारा से प्रयोग में लाने की दिशा में कार्य करना है। डीसी यशपाल यादव ने सीएम को बताया कि स्वामित्व योजना के तहत जिले में बेहतर कार्य किया जा रहा है। इस योजना के तहत गांवों में रजिस्ट्रियों का कार्य किया गया है। ऑनलाइन जमाबंदी व इंतकाल विषय में जिले में राजस्व विभाग ने बेहतर समन्वय के साथ कार्य किया है।
