फरीदाबाद : [ पत्रकार मिथलेश मिश्रा ] कोरोना महामारी के मद्देनजर हरियाणा बिजली निगम द्वारा अग्रिम खपत जमा (एसीडी) राशि पर फिलहाल रोक लगाने के निर्णय का फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लखन कुमार सिंगला ने स्वागत करते हुए कहा कि जिन लोगों ने एसीडी राशि के रूप में बिल में लगे सरचार्ज को भर दिया है, उनकी इस राशि को बिलों में एडजस्ट कर दिया जाएगा और जिनके बिल नहीं बने है, उसमें एसीडी राशि नहीं लगाई जाएगी।
श्री सिंगला ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि कोरोना महामारी खत्म करने के बाद भी सरकार को इस प्रकार के टैक्स को जनता पर नहीं लगाना चाहिए और इसे पूरी तरह से खत्म कर देना चाहिए। यहां जारी प्रेस बयान में लखन कुमार सिंगला ने बताया कि आज देश व प्रदेश कोरोना के बढ़ते संक्रमण के चलते आर्थिक व मानसिक रूप से परेशान है और ऐसे में सरकार को चाहिए कि वह जनता को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए टैक्सों के बोझ से छुटकारा दे परंतु यह सरकार नए-नए टैक्स लाकर जनता को परेशान करने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बिजली बिलों पर लगाई गई एसीडी राशि के मुद्दे पर वह पिछले दिनों कांग्रेसियों के साथ अधीक्षण अभियंता सेक्टर-23 से उनके कार्यालय पर मिले थे और उन्हें ज्ञापन के माध्यम से इस तानाशाही फैसले को वापिस लेने की मांग की थी और आखिरकार सरकार को अपना यह फैसला एक साल के लिए रोकना पड़ा। लखन सिंगला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गरीब, मजदूर, पिछड़े, व्यापारी व दुकानदार सहित छत्तीस बिरादरी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है और कोरोना महामारी के समाप्त होने के बाद इस तानाशाही टैक्स को खत्म करवाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरकर सरकार की ईट से ईट बजाने का काम करेंगे।
