फरीदाबाद : कोरोना मरीजों के उपचार के लिए बीके सिविल अस्पताल में 63 बेड की सुविधा शुरू होे गई है। इसमें से 13 बेड आपातकाल कक्ष में आरक्षित किए गए हैं। वहीं, अन्य 46 बेड की व्यवस्था दूसरे तल पर की गई है। अतिरिक्त चार बेड नवजात शिशु के लिए आरक्षित किए गए हैं। यह व्यवस्था अस्पताल के स्टेप अप रूम में की गई है, जो एसएनसीयू में केवल नवजात के लिए ही है। इसमें अगले दो दिन में पांच अतिरिक्त वेंटिलेटर की सुविधा भी उपलब्ध हो जाएगी। ऐसे में छह बेड का आईसीयू, ग्यारह वेंटिलेटर और 63 ऑक्सीजन बेड की सुविधा बीके सिविल अस्पताल में कोरोना संक्रमितों को मिलेगी। इसमें मौजूदा समय में सभी सुविधाएं जारी हैं। मात्र पांच अतिरिक्त वेंटिलेटर सुविधा के लिए मरीजों को 48 से 72 घंटे का इंतजार करना पड़ सकता है।
कोरोना के कारण परेशानी झेल रहे लोगों की मदद के लिए सरकारी अस्पताल में आइसोलेशन की बेड की संख्या बढ़ाकर दोगुनी करने की तैयारी है। इसके लिए रविवार रात ही आदेश जारी हो चुके हैं। इसके साथ ही अगले तीन दिनों में जिला अस्पताल में वेंटिलेटर की संख्या बढ़ाकर दोगुनी कर दी जाएगी। अब तक यहां छह वेंटिलेटर ही मौैजूद थे। अब यह 11 होंगे। गुरुग्राम वेयर हाउस से जल्द ही यह वेंटिलेटर सिविल अस्पताल पहुंचा दिए जाएंगे। अस्पताल में 125 ऑक्सीजन प्वाइंट लगे हैं। इसमें से 63 बेड की सुविधा कोविड मरीजों के लिए कर दी गई है। इसमें नवजात के लिए भी चार बेड आरक्षित किए गए हैं।
