कोविड-19 की दूसरे चरण में चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है। 80 प्रतिशत ज्यादा घरों में लोग बुखार, कोरोना आदि की चपेट में आए हुए हैं। खासकर बल्लभगढ़ के विभिन्न सेक्टर और कॉलोनियों में बीमार होने वालों की संख्या बेहद ज्यादा है। इन सेक्टर की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों व कॉलोनी के प्रमुख लोगों का आरोप है कि निगम प्रशासन ने पिछले 10 दिन से सेक्टर व कॉलोनियों में किसी प्रकार से कोई सैनिटाइजेशन नहीं किया है। लोगों का आरोप है कि निगम व हुडा प्रशासन से बार-बार गुजारिश की जा रही है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
जैन कॉलोनी व मुकेश कॉलोनी में कोई घर ऐसा नहीं है, जहां बुखार से पीड़ित नहीं हो। कई घरों में कोरोना के मरीज भी है। लगातार स्थिति भयावह होती जा रही है और निगम प्रशासन कॉलोनी में किसी प्रकार कोई सैनिटाइजिंग नहीं करा रहा है। अब कॉलोनी में पूरी तरह भय का माहौल है।
-टेक चंद गोयल, निवासी, जैन कॉलोनी
मुकेश कॉलोनी में निगम के बूस्टर के आसपास पहले ही गदंगी काफी है। खुले नाले में गदंगी है। जिसमें से मच्छर दिन-रात पैदा हो रहे हैं। उनके घर सहित आसपास के घरों में बुखार से पीड़ित लोग है। निगम प्रशासन से कॉलोनी को सैनिटाइज कराने के लिए कई बार बोला गया है, लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है।
-डॉ.दिनेश गुप्ता, मुकेश कॉलोनी
हमारी आरडब्ल्यूए में आठ सोसाइटी हैं। जिसमें करीब 250 परिवार रहते है। कई सोसाइटी में कोरोना व बुखार के मरीज है। एक नंबर सोसाइटी में दो दिन पहले कोरोना से पीड़ित आरडब्ल्यूए के सचिव बृजेश मंगला का निधन हो गया। स्थिति दिनों-दिन बेहद खराब हो रही है। निगम प्रशासन ओर हुडा प्रशासन से गुजारिश से कि क्षेत्र में शीघ्र छिड़काव करवाया जाए।
-जयवीर सिंह गिल, प्रधान, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-64
हुडा के सेक्टर-2 में हजारों परिवार इन दिनों प्रशासन की ओर बाट जोह रहे है कि कब प्रशासन सेक्टर को सेनेटाइज कराएगा। सेक्टर-2 में अधिकत्तर घरों में लोग बीमार पड़े है। प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
-कुंवर राकेश सिंह, प्रधान, आरडब्ल्यूए, सेक्टर-2
कंटेनमेंट जोन में फिलहाल सैनिटाइजिंग के आदेश हैं और वहां पर नियमित छिड़काव कराया जा रहा है। कॉलोनियों में जैसे ही आदेश आएंगे उसके बाद ही वहां पर भी सैनिटाइज करवाया जाएगा।
-वीके गिल, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम, फरीदाबाद-बल्लभगढ़ जोन
