
हरियाणा : कलयुगी समय में रुपयों के लालची लोग तो अपनों तक का खून बहा हैवानियत भरा रूप दिखा देते है। उनके लिए पैसे से ज्यादा और कुछ प्यारा नहीं होता चाहे फिर वो रिश्ते कितने भी करीब के क्यों ना हो, लेकिन ऐसे दौर में सिवानी मंडी तहसील के गांव लीलस की बिरमा देवी ने अपनी पूरी संपत्ति गौशाला को दान देकर अनूठी मिसाल पेश की है।आपको बता दें कि बिरमा देवी ने अपनी करीबन आठ एकड़ जमीन गौशाला को दान दी है, जिसकी कीमत करीब करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। ये वाकई काबिले-तारीफ है कि इतनी बड़ी रकम इन्होंने दान में दे दी। बिरमा देवी ने अपनी जमीन गौशाला के नाम नायब तहसीलदार के सामने कराई है।
आपको बता दें कि बिरमा देवी की कोई संतान नहीं है, जिसके चलते उन्होंने अपनी जमीन अपने परिजनों को ना देकर गौशाला को देने की पर विचार किया। वहीं जमीन दान करने के बाद बिरमा देवी ने कहा कि आज उनकी आत्मा बेहद खुश है।अन्य सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इससे पहले भी बिरमा देवी गांव के ही सरकारी स्कूल में अपने पति भागीरथ की याद में दो भवनों का निर्माण करवा चुकी हैं। साथ ही बिरमा समय-समय पर गौशाला और गांव के लिए कोई ना कोई नेक काम कराती ही रहती है।बिरमा देवी के पति भागीरथ ज्याणी की 10 साल पहले मौत हो गई थी। ग्रामीण कहते है कि आज के समय में हर व्यक्ति जहां एक इंच भूमि के लिए भी लड़ाई करने को तैयार है। वहीं बिरमा देवी ने भूमि दान में देकर वाकई बेहद सराहनीय नेकी का काम किया है।
