एक और जहां सोशल साइट्स से वस्तुओं के लेन-देन को लेकर आमजन से ठगी की जा रही हैं, वहीं इन दिनों शहर में शातिर चोरों द्वारा लोगों से ठगी करने का एक नया फंडा सामने आ रहा है। ऐसे में ठगी के शिकार लोग किसी को बता भी नहीं पाते बताए भी तो कैसे और किसे इसका जवाब उनके पास ही नहीं होता। ऐसे में न जाने कितने ही लोग इन ठगों के शिकार होकर खुद को और अपने परिवार के लोगों को मुसीबत में डाल देते हैं।
कुछ इन ठगों से परेशान होकर गलत कदम उठा बैठते हैं। नाम न छपने की शर्त पर ऐसे लोगों का शिकार बड़े लोगों ने बताया कि ऐसे ही मामलों में उग पहले फेसबुक मैसेंजर पर महिला के नाम से फ्रैंड रिक्रॅस्ट भेजते हैं। दोस्त बनने के बाद उनसे व्हाट्सएप नंबर लेकर अश्लील चैटिंग करते हैं। इस दौरान शातिर अपनी महिला साथी के जरिए व्हाट्सएप पर मीठी-मीठी बाते करवाते हैं और वीडियो कॉल को रिकॉर्ड कर उसके माध्यम से ब्लैकमेल करते हैं। बाद में यही लोग उनकी फेसबुक आई.डी. उठाकर उनके द्वारा बनाई गई वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उनसे मोटी रकम वसूलते हैं और न देने वाले को बदनाम करने की धमकी देते हैं।
चंगुल में फंस कर मोटी रकम गंवा रहे लोग :
अधिकांश मामलों में लोग अपनी इज्जत की खातिर उनके चंगुल में फसकर अपनी मोटी रकम गवा चुके हैं। अगर कोई व्यक्ति शातिर ठगों का नंबर ब्लॉक करता है तो वे दूसरे नंबर से व्हाट्सएप वॉयस पर उन्हें बदनाम करने की धमकी देते हैं। देखा जाए तो अगर आप इन शातिर ठगों का नंबर सर्च करना चाहे तो भी उनका कोई अता-पता नहीं लग पाता है। ऐसे मामलों में लोग शर्म व लोकलाज के डर से यह बात किसी को नहीं बता पाते हैं और ऐसे लोगों का शिकार बन जाते हैं।
