कोरोना की दूसरी लहर के बीच सीबीएसई 12वीं की परीक्षा को लेकर रविवार को केंद्र और राज्यों के बीच बैठक होगी। इसमें इस विकल्प पर विचार हो सकता है कि तीन महत्वपूर्ण विषयों की परीक्षा करवाई जाए। वहीं, जो छात्र कोरोना संक्रमण के कारण परीक्षा न दे सकें, उन्हें दूसरा मौका दिया जाए। इस बीच, भास्कर ने कुछ राज्यों से बात की तो ज्यादातार ने कहा कि वे परीक्षा के पक्ष में हैं।
बैठक में प्रोफेशनल कोर्सेस और ग्रेजुएशन में प्रवेश के तरीके पर चर्चा हो सकती है। बैठक में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल, स्मृति ईरानी और प्रकाश जावड़ेकर शामिल होंगे। सीबीएसई 12वीं में 174 विषय हैं, लेकिन फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथमेटिक्स, बायोलॉजी, हिस्ट्री, पॉलिटिकल साइंस जैसे 20 मेजर सब्जेक्ट हैं।
सिसोदिया ने कहा-रद्द हो परीक्षा हो, राज्यों ने कहा-ऑनलाइन हो या फिर ऑफलाइन
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को डिजिटल प्लेटफार्म पर दिल्ली के सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के छात्रों प्रिंसिपलों,अध्यापकों से इंस्टाग्राम लाइव पर सुझाव मांगे। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों,प्रिंसिपलों,अध्यापकों ने बोर्ड परीक्षाएं कैंसिल करने की मांग की। पंजाब स्कूल बोर्ड के चेयरमैन प्रो. योगराज ने कहा- सीबीएसई चाहेगी तो हम परीक्षा के लिए तैयार हैं। हरियाणा के शिक्षामंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा- परीक्षा होगी, चाहे ऑनलाइन या फिर ऑफलाइन।
news source from : dainikbhaskar
