राजस्थान में कोरोना संक्रमण के बढ़ते आंकड़ों के बीच अब बच्चे भी कोरोना पॉजिटिव आने लग गए हैं। प्रशासन ने प्रदेश में डूंगरपुर जिले में 315 बच्चों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की थी, जिसके बाद अब रविवार सुबह 10 और पॉजिटिव केस इस आंकड़े में जुड़ गए हैं। इसके बाद अब तक डूंगरपुर में 325 बच्चे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
ब्लैक फंगस ने भी बढ़ाई सरकार की चिंता
दूसरी तरफ ब्लैक फंगस ने भी सरकार की चिंता बढ़ा दी है। ब्लैक फंगस के पीड़ित अब तक 700 से अधिक मरीज प्रदेश में मिल चुके हैं। इनके इलाज के लिए जयपुर स्थित सवाई मानसिंह अस्पताल में एक वार्ड बनाया गया है। चिकित्सा मंत्री डॉ.रघु शर्मा ने कहा है कि ब्लैक फंगस को देखते हुए व्यापक स्तर पर सर्वे भी शुरू किया गया है। सर्वे में अब तक पता चला है कि कोविड से रिकवर हुए वे लोग जिन्हे हार्ट, डायबिटीज या कैंसर जैसे रोग है और उन्हे संक्रमित होने के दौरान अधिक मात्रा में स्टेरॉयड दिया गया है। इनकी सूची तैयार की जा रही है।
