कोरोना महामारी के इस दौर में मनोहर सरकार द्वारा काफी बड़ा व सराहनीय कदम उठाया गया है। जिसके चलते कोरोना मरीजों के लिए संजीवनी परियोजना की शुरूआत की गई है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सोमवार यानी आज वीडियो कांफ्रेंस के जरिए से परियोजना को लेकर जानकारी दी गई और इसको लॉन्च किया गया।
वहीं इस परियोजना को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर करनाल से शुरू किया गया है। यह योजना उन ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा देखभाल के विस्तार पर कार्य करेगी जहां वायरस की दूसरी लहर के फैलने और इस बीमारी के इलाज के बारे में जागरूकता की कमी है।
सरकार के प्रवक्ता द्वारा मिली जानकारी में उन्होंने बताया कि ‘संजीवनी योजना’ के जरिए कोविड-19 के हल्के से मध्यम लक्षणों वाले मरीजों की देखभाल उनके घर पर ही की जाएगी। इससे उन्हें इलाज के लिए घर से नहीं निकलना होगा और न ही अस्पताल जाने की जरूरत पड़ेगी। इससे एक तो ये लाभ है कि अस्पतालों पर दबाव भी कम होगा और संक्रमित का घर में ही अच्छे से उपचार भी हो पाएगा। सरकार का मानना है कि देखभाल करने से 90 प्रतिशत से अधिक रोगियों का घर पर ही इलाज करना संभव है।
अगर बात करें संजीवनी परियोजना से जुड़ें फायदों की तो वो इस प्रकार है-
परियोजना के तहत, अस्पतालों में बिस्तरों की उपलब्धता, ऑक्सीजन की आपूर्ति, एंबुलेंस ट्रैकिंग और घर-घर जागरूकता अभियान जैसे महत्वपूर्ण संसाधनों के प्रबंधन के लिए एक एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र प्रदान करेगी। परियोजना के तहत कोविड हॉटलाइन का संचालन किया जाएगा, जो संदिग्ध या क्लीनिक में इलाज किए गए कोविड-19 के रोगियों को बुनियादी प्रशिक्षण व मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए मौजूदा कॉल सेंटर की क्षमताओं में बढ़ोत्तरी की जाएगी।
वहीं मेडिकल इंटर्न के अलावा 200 मेडिकल फाइनल ईयर और प्री-फाइनल ईयर के छात्रों को जुटाकर उन्हें सलाहकारों और विशेषज्ञों से जोड़ कर चिकित्सा सलाह के दायरे का विस्तार किया जाएगा। कोविड-19 के हल्के से मध्यम मरीजों को उपचार और निगरानी प्रदान करने के लिए टेलीमेडिसिन व आभासी स्वास्थ्य क्षमताओं में भी बढ़ोत्तरी की जाएगी। होम केयर किट का समय से वितरण किया जाएगा, जिसमें एक मास्क, एक ऑक्सीमीटर, एक थर्मामीटर और बुनियादी दवाएं शामिल होगी। साथ ही इसको लेकर अतिरिक्त एंबुलेंस की खरीद और मोबाइल फार्मेसियों का विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा।
news source from : yuvaharyana
