फतेहाबाद में ब्लैक फंगस का चौंकाने वाला केस मिला है। यहां ऐसा मरीज मिला है, जिसे न कभी कोरोना हुआ और न शुगर व ऑक्सीजन चढ़वाने की कोई हिस्ट्री है। इसके बावजूद वह ब्लैक फंगस की चपेट में आ गया। मरीज के चेहरे पर एक साइड में कालापन आ गया है।
फतेहाबाद नागरिक अस्पताल के ईएनटी सर्जन डॉ. जयप्रकाश ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि मरीज में ब्लैक फंगस जैसे ही लक्षण हैं। मरीज की जांच कर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। वहीं, प्रदेश में ब्लैक फंगस के लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
24 घंटे में 24 नए मरीज मिले हैं। कुल मरीजों की संख्या 421 हो गई है। इधर, ब्लैक फंगस के उपचार के लिए इस्तेमाल होने वाले एम्फोटेरिसिन-बी इंजेक्शन की कमी अभी भी बनी हुई है। परिजनों को अपने स्तर पर दिल्ली, गुड़गांव व चडींगढ़ जाकर इंजेक्शन जुटाने पड़ रहे हैं।
सिरसा: 3.50 लाख के इंजेक्शन खुद खरीदने पड़े :
सिरसा के गांव ढूकड़ा निवासी संदीप ने बताया कि उनके पिता ब्लैक फंगस से पीड़ित हैं। शहर के निजी अस्पताल में इलाज में चल रहा है। 13 मई को उनके मस्तिष्क की सर्जरी हुई। इंफेक्शन आगे ना फैले, उसके लिए लाइपोजोमल एम्फोटेरेसिन दवा के 35 इंजेक्शन लग चुके हैं। यह इंजेक्शन अपने स्तर पर मंगवाए हैं। 10 दिनों में 35 इंजेक्शन के लिए 3 लाख 50 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग से डिमांड की थी, लेकिन एक भी इंजेक्शन नहीं मिला।
विज बोले- 1250 इंजेक्शन उपलब्ध हैं :
गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि अभी तक हमारी पास 1250 इंजेक्शन उपलब्ध हैं। प्रदेश में अब तक 421 मरीज मिल चुके हैं।
NEWS SOURCE FROM : DAINIKBHASKAR
