
पोस्ट कोविड मैनेजमेंट एवं ब्लैक फंगस संक्रमण पर लालजी टंडन फाउंडेशन की ओर से रविवार को मेडिकल वेबिनार आयोजित हुआ। इस मौके पर किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के पूर्व कुलपति डा. एमएलबी भट्ट ने कहा कि इस समय गंभीर कोविड और पोस्ट कोविड मरीजों में ब्लैक फंगस का संक्रमण देखने को मिल रहा है। जिन मरीजों को शुरू से ही स्टेरायड की हाई डोज दी जा रही है, उनमें यह समस्या ज्यादा हो रही है। वे मरीज जो अनियंत्रित शुगर वाले हैं तो वह आसानी से इसके शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्लैक फंगस से बचने का सबसे आसान तरीका यह है कि मरीज अपनी नाक में रोजाना नारियल का या अणु तेल लगाता रहे। इससे फंगस नहीं पनपता है। अचार में भी फंगस न पनपने इसके लिए उसमें नमक व सरसों का तेल ही डाला जाता है। अगर मरीज 15 से 18 मिली तेल का कुल्ला भी कर सके तो इससे नाक के जरिये गले व मुंह में भी ब्लैक फंगस के संक्रमण का खतरा कम हो जाता है। वहीं, तेल को मुंह में 10 से 15 मिनट लेकर इधर-उधर घुमाते रहना है। उसके बाद थूक देना है। यह काम रोज करना है।
इस दौरान नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन भी वेबिनार में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि संक्रमण से उबरने वाले मरीज असमंजस में हैं कि कोरोना के साथ ब्लैक फंगस से कैसे निपटें। पीएम व सीएम के नेतृत्व में कोरोना की द्वितीय लहर को काबू करने में बड़ी सफलता मिली है। वहीं, डाक्टरों ने कहा कि इलाज के दौरान बहुत अधिक गर्म भाप ना लें।
एक ही मास्क कई दिन तक न पहनें : डाक्टरों ने कहा कि एक ही मास्क कई दिन तक न पहनें। दोहरा मास्क पहनना ज्यादा ठीक है। कपड़े के मास्क को धोते रहें। एन-95 मास्क लगा रहे हैं तो उसके ऊपर भी कपड़े का मास्क पहनें। एक ही मास्क कई दिन पहनने व उसके गीला होने पर नमी से भी फंगस का खतरा हो सकता है। वहीं, डा. डी हिमांशु ने बताया कि कोरोना से उबरने के बाद रोगियों को शीघ्र रिकवरी के लिए प्रतिदिन ढाई से तीन लीटर पानी पीना चाहिए।
