फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा] 20 दिन बाद ऑड ईवन के तहत फरीदाबाद और पलवल में सोमवार को दुकानें खुलीं। इससे आम आदमी के साथ-साथ दुकानदारों को थोड़ी राहत मिली है। अभी कोरोना से बचाव के लिए जिले में 31 मई तक महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा नियम लागू रहेगा।
तिथि अनुसार ऑड-ईवन फार्मूले के तहत सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक दुकानें खोलने की छूट दी गई है। जबकि दूध, सब्जी, किराना और मेडिकल स्टोर आदि दुकानें पहले की ही तरह खुली रहेंगी।
जिन दुकानों को ऑड ईवन के तहत खोलने की अनुमति दी गई है उन्हें कोविड गाइड लाइन का शत प्रतिशत पालन करना होगा।इसके लिए सभी इंसीडेंट कमांडर अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी कराएंगे। यदि कोई दुकानदार उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर दुकानदारों ने दुकानें खोलने के समय में बदलाव की मांग की है।
लॉकडाउन का यह है नया आदेश :
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के चेयरमैन एवं डीसी यशपाल ने कहा कि महामारी अलर्ट-सुरक्षित हरियाणा को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पुलिस अधिकारी टीम के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं इंसीडेंट कमांडर नियुक्त किए हुए हैं। जो अपने अधिकार क्षेत्र में जारी आदेश की पालना कराना सुनिश्चित कराएंगे। उन्होंने कहा वे सभी दुकानें जो बिल्कुल अलग अलग है दिनभर खुली रहेंगी। लेकिन रात्रि कर्फ्यू में बंद रहेंगी। इसके अतिरिक्त सभी दुकानें सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक शर्तों के साथ खुलेंगी।
दूध, फल-सब्जी, किरयाने व मेडिकल स्टोर की दुकानें पूर्व नियमानुसार ही खुलेंगी
ये रखी गई हैं शर्ते :
डीसी ने बताया जिन बाजारों में दुकानें दोनों तरफ हैं उनमें सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को दाएं और मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को बाएं तरफ की दुकानें खुली रहेंगी। दाएं एवं बाएं का निर्धारण उत्तर एवं पूर्व दिशा में देखते हुए किया जाएगा। क्योंकि दुकानों में नंबर नहीं दिए गए हैं।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण एवं अन्य बाजार जिनमें दुकानों के नंबर दिए गए हैं उनमें सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सम नंबर वाली दुकानें एव मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को विषम नंबर वाली दुकानें खुलेंगी। अभी शॉपिंग माल खोलने की इजाजत नहीं है। अस्पताल, दवा की दुकानें एवं सरकारी दफ्तर 24 घंटे खुल सकते हैं।
समय में बदलाव हो :
मार्केट एसोसिएशन बल्लभगढ़ के प्रधान प्रेम खट्टर और जवाहर कालोनी मार्केट एसोसिएशन के प्रधान नीरज भाटिया का कहना है कि दुकानें खोलने का सुबह 9 से शाम 6 बजे तक का होना चाहिए। क्योंकि इतनी सुबह खरीदारी के लिए लोग कम निकलते हैं। महिलाओं को इतने सुबह शापिंग के लिए निकलना मुश्किल होगा। इसलिए सरकार को समय में बदलाव करना चाहिए। इससे आम आदमी के साथ-साथ दुकानदारों को काफी राहत मिलेगी।
20 दिन से दुकानें बंद थीं :
लॉकडाउन के कारण 20 दिन से दुकानें बंद थीं। नए फार्मूले के तहत पलवल में सोमवार को जवाहर नगर कैंप मार्केट, मुख्य बाजार, मोती बाजार, बस स्टैंड बाजार, मीनारगेट, पुराना जीटी रोड़ मार्केट, अलावलपुर चौक, सोहना चौक व गुप्तागंज बाजार सहित जिले के सभी बाजारों में दुकानें ऑड-ईवन के फॉर्मूले के साथ खोली गईं। पलवल के डीसी नरेश नरवाल ने कहा कि नया फार्मूला लागू करने का मकसद भीड़ को रोकना है। उन्होंने कहा यदि कोई भी व्यक्ति नियमों की उल्लंघना करता है, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 व धारा 188 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
