फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा] स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चलाई जाने वाली करीब 90 सिटी बस को चलाने की तैयारी शुरू की है। इस संबंध में सोमवार को फरीदाबाद स्मार्ट सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के अधिकारियों और बस निर्माता ऑटोमोबाइल कंपनियों के तकनीकि अधिकारियों के बीच फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड की मुख्य कार्याधिकारी डॉ. गरिमा मित्तल की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में बस निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स, अशोक लीलेंड, जेबीएम, वॉल्वो आदि ऑटोमोबाइल कंपनियों के अधिकारी मौजूद रहे। डॉ. गरिमा मित्तल ने ऑटोमोबाइल कंपनियों के तकनीकि अधिकारियों से बातचीत की और यूरो-6 बसों के निर्माण की तकनीक पर चर्चा की।
डॉ. गरिमा मित्तल ने कंपनियों के अधिकारियों से पूछा कि यूरो-6 बसे कब तक तैयार हो सकती है। ताकि पहले चरण में करीब 90 बसों का संचालन किया जा सके। कुछ कंपनियों ने एक महीने में अपनी समय सारिणी देने का वादा किया है। इस परियोजना के तहत बीते वर्ष ही बसो का संचालन किया जाना था, लेकिन एफसीटीएसएल को उत्सर्जन मानकों में बदलाव के कारण सिटी बस सेवा शुरू करने में देरी हुई। अदालत ने अप्रैल 2021 से दिल्ली-एनसीआर में यूरो-6 तकनीक बसों के संचालन की अनुमति दी है। इस परियोजना के तहत शहर में अधिकांशत: मिड-डी 40 सीटों वाली बसें चलाई जानी है। कई कंपनियों ने अपनी बसों की तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इन बसों का संचालन बदरपुर बार्डर से बल्लभगढ़ तक बाईपास के रास्ते बसें चलेंगी। तो प्रह्लादपुर से सूरजकुंड रोड, चार्मवुड विलेज से बड़खल, बीके चौक से हार्डवेयर, सोहना रोड तक और ग्रेटर फरीदाबाद की सड़कों पर भी सिटी बसें चलाई जाएंगी। शुरुआती दौर में 90 बसें चलेंगी। परियोजना 2031 तक पूरी होगी। इसके तहत शहर में 4 बस डिपो भी बनाए जाएंगे। दो सीएनजी स्टेशन भी बनेंगे। बस डिपो ग्रेटर फरीदाबाद, एनआइटी और बल्लभगढ़ बस अड्डा पर बनने प्रस्तावित हैं।
फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड की मुख्य कार्याकारी अधिकारी डॉ. गरिमा मित्तल ने कहा कि शहरवासियों को जल्द ही सिटी बस सेवा की सुविधा मिले, यूरो-6 बसों के लिए कुछ तकनीकि विचार विमर्श कंपनियों के साथ किया गया।
