फरीदाबाद : कोरोना महामारी के इस काल में अस्पताल और डॉक्टरों की भूमिका सबसे अहम रही है। लेकिन कुछ अस्पताल अपनी ड्यूटी से परे आपदा काल अपनी कमाई करने में लगे हैं। मरीजों के तीमारदार से मोटी रकम वसूल रहे हैं। जिला प्रशासन लगातार ऐसे अस्पतालों पर नकेल कस रहा है। जरा सी लापरवाही करने पर अस्पताल पर कार्रवाई करने के लिए सरकार ने निर्देश जारी किए हुए हैं।
ऐसा ही मामला सामने आया है हरियाणा के जिला फरिदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित जेनिथ अस्पताल में। यहां जिला उपायुक्त यशपाल यादव ने बल्लभगढ़ स्थित जेनिथ अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है। दरअसल, पिछले दिनों जिला उपायुक्त यशपाल यादव ने सेक्टर 23 स्थित भागीरथी ऑक्सीजन सप्लाई सेंटर का दौरा किया। जहां कई लोगों के द्वारा उन्हें जेनिथ अस्पताल से संबंधित शिकायतें मिली।
लोगों ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन लोगों से इलाज के नाम पर भारी रकम वसूल रहा है वही तीमारदारों से अपने आप ही ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था करने का दबाव बना रहा है। इन शिकायतों पर अमल करते हुए जिला उपायुक्त यशपाल यादव ने अस्पताल का दौरा किया जहां उन्होंने पाया कि अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों के लिए रेट लिस्ट भी नहीं लगाई है। अस्पताल में आए हुए मरीजों की देखरेख करने के लिए भी डॉक्टर की व्यवस्था नहीं है।
जिला उपायुक्त यशपाल यादव ने जांच के आदेश दिए। इसके लिए उन्होंने एसडीएम अपाजिता, एसीपी बल्लभगढ़ व सीएमओ द्वारा नामित वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी की टीम बनाई थी। टीम को अस्पताल के खिलाफ तीन दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए थे।
जांच में पाया कि अस्पताल में मरीजों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। जिलाधीश कार्यालय के द्वारा अस्पताल को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया जिस पर अस्पताल प्रबंधन की ओर से संतुष्टि भरा जवाब नहीं आया।
वहीं अब उपायुक्त ने कार्यवाही करते हुए जेनिथ अस्पताल का महामारी अस्पताल का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया है वही मरीजों से वसूले गए अतिरिक्त चार्ज को भी वापिस करने के आदेश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के चीफ मेडिकल ऑफिसर को इस विषय की देखरेख करने के आदेश दिए गए हैं।
