
देश के कई राज्यों में लॉकडाउन, मिनी लॉकडाउन या फिर पाबंदियां लगी हुई है। अब केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से सभी राज्यों के मुख्य सचिव को लॉकडाउन के लिए पत्र जारी किया गया है। यह आदेश 25 अप्रैल 2021 को जारी किये गए थे, अब यह आदेश 30 जून 2021 तक प्रभावी रहेंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि राज्यों में कंटेनमेंट जोन की सीमा तय करने का अधिकार राज्यों का होगा। पत्र के जरिये साथ ही मंत्रालय ने मुख्य सचिवों से यह भी कहा है कि यदि राज्य सरकार अपने इलाकों में किसी तरह की कोई छूट दे रही है, तो उन्हें बहुत सोच समझ कर लागू करें और इन छूटों को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाए।
केंद्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला की तरफ से राज्यों के मुख्य सचिवों को लिखे पत्र में कहा गया है कि पिछले दिनों यह देखा गया है कि कोरोना के मामलों में कमी आई है। लेकिन अभी भी सख्त निगरानी की बेहद आवश्यकता है। क्योंकि एक्टिव केसों की संख्या अभी भी ज्यादा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से आज जारी किए गए निर्देश के मुताबिक सभी दिशानिर्देश पिछले महीने की ही तरह है और उनमें कोई भी बदलाव नहीं किया गया है।

