हरियाणा सरकार ने कोविड संक्रमण के मद्देनजर प्रदेश के सभी विद्यालयों में छात्रों के लिए 15 जून-2021 तक छुट्टिया बढ़ा दी हैं। पहले ये छुट्टियां 31 मई तक घोषित की गई थी। लेकिन एक जून से सभी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं अन्य कर्मचारियों की पचास फीसदी उपस्थिति रहेंगी। सभी प्रधानाचार्य या मुख्य शिक्षक यह तय करेंगे कि शिक्षकों और कर्मचारियों को केैसे बुलाना है?
एक जून से सभी विद्यालय खुलेंगे, लेकिन केवल शिक्षक और अन्य कर्मचारी ही एक दिन छोड़कर स्कूल आ सकेंगे। इस दौरान शिक्षक और अन्य कर्मचारी विद्यालय के प्रशासनिक कार्य, छात्रों के रिपोर्ट कार्ड तैयार करना और दाखिलों की तैयारी संबंधी कायार्े को पूरा करेंगे। अभी कोरोना के खिलाफ जंग जारी रहेगी। इसलिए विद्यालयों के लिए जल्द ही कुछ नए नियम भी जारी किए जाएंगे। जिनका पालन स्कूल में शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को करना होगा।
स्कूलों में सफाई और सेनिटाइज प्रतिदिन किया जाएगा
एक जून से पहले सभी स्कूलों में सफाई और सेनिटाइज कराया जाएगा और फिर इसके बाद यह कार्य प्रतिदिन प्रधानाचार्यों को कराना होगा। शिक्षक भी इस दौरान अपने-अपने कमरों में अकेले या फिर दो गज दूरी का पालन करते हुए अपने कार्यों को पूरा करेंगे। ताकि कोरोना संक्रमण के खतरे की आशंका को कम किया जा सके।
सभी शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों का होगा वैक्सीनेशन
इस दौरान सभी शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को वैक्सीन का टीका लगवाना बेहद आवश्यक रहेगा। अगर किसी को बुखार या खासी की शिकायत दिख रही है तो उसे स्कूल नहीं बुलाना है और कोरोना की जांच करानी है, उपचार के लिए सलाह देनी है। ऐसे लोगों को तुरंत ही आइसोलेट करवाना होगा। जिले में जल्द से जल्द सभी करीब साढ़े चार हजार शिक्षकों को वैक्सीन लगवाने का काम पूरा किया जाएगा। इसमें पीजीटी के करीब 979 प्रवक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन लगेगी। क्योंकि इनकी ड्यूटी कोरोना और अन्य परीक्षा में लगाई जा सकती है।
ऋतु चौधरी (फरीदाबाद जिला शिक्षा अधिकारी) ने कहा, छात्रों के लिए छ़ुट्टियां 15 जनू तक बढ़ा दी गई हैं, जबकि एक जून से स्कूलों में शिक्षक और अन्य कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। सभी स्कूलों में सफाई और सेनिटाइज संबंधी दिशा-निर्देश दे दिए हैं।
