सरस्वती नगर में साढ़े तीन साल के बच्चे की देसी कट्टे से गोली लगने से मौत हो गई। बच्चा अपने मामा के घर आया हुआ था। रिश्तेदार बच्चे को यमुनानगर के दो अस्पताल में लेकर पहुंचे। दोनों डॉक्टरों के मृत बताने पर भी बच्चे को चंडीगढ़ ले गए। वहां भी बच्चे को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बच्चे का शव कब्जे में ले लिया है।परिवार के लोगों ने कहा कि बच्चा घर में रखे देसी कट्टे से खेल रहा था। तभी गोली चली।
वहीं परिवार यह नहीं बता रहा था कि देसी कट्टा किसने बच्चे को दिया और घर में किसने रखा था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सामने आ रहा है कि देसी कट्टा मृतक बच्चे का मामा रखता था। पुलिस ने मामले में बच्चे के मामा बादल पर केस किया है। वहीं, शव का शनिवार को पोस्टमार्टम होगा। वारदात के बाद मौके पर सीआईए की टीम भी पहुंची।
टीम ने बादल के बारे में जब पूछा तो परिवार के लोग सही जवाब नहीं दे पाए। जिस पर पुलिस ने कहा कि बादल को या तो पेश किया जाए, या फिर पुलिस अपने हिसाब से काम करेेगी। छप्पर थाना प्रभारी राय सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी।
वहां से पता चला कि बच्चे को यमुनानगर अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया था। मामले में बच्चे के मामा बादल सिंह पर केस दर्ज किया गया है। उसकी तलाश है।
इकलौता बेटा था मनराज
यमुनानगर जम्मू कॉलोनी निवासी अंकुर की शादी पांच साल पहले गंदापुरा रोड सरस्वती नगर निवासी युवती से हुई थी। शादी के बाद उनके पास बेटा (मनराज) हुआ। इन दिनों स्कूल बंद हैं और काम धंधे भी बंद हैं। इसलिए कई रिश्तेदार बादल सिंह के घर आए हुए थे। अंकुर का बेटा और पत्नी भी आए हुए थे।
शुक्रवार को गोली चलने की आवाज आई तो देखा कि मनराज जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था। गोली बच्चे की छाती में लगी थी। उसके पास देसी कट्टा पड़ा था। परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर गए। वहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
