फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने जागो अभिभावक जागो अभियान जारी रखते हुए रविवार को मंच के साथ जुड़े अभिभावकों ने एक वीडियों कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक की और निजी स्कूलों की मनमानी फीस वसूली के खिलाफ एकजुटता का परिचय दिया। इसमें डायनेस्टी, डीएवी-14, मानव रचना, जीवा, डीपीएस आदि स्कूलों के छात्रों के अभिभावक अरविंद गुप्ता, सचिन अग्रवाल, सीएस मिश्रा, कपिल खुराना, मनीष मिगलानी, संजीव गुप्ता, विश्व नाथ, असीम कुमार, निशा, मीनाक्षी खुराना, वीरेंद्र कुमार, सुनील लूथरा, शीतल खुराना, बलविंदर सिंह, स्वप्ना नायर, हेमलता जैन, मैडम काला सिंह, सतीश कुमार आदि ने भाग लिया।
मंच के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता ओपी शर्मा व प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा ने अभिभावकों को बताया कि प्रदेश के सभी अभिभावकों से लोकडाउन में प्राइवेट स्कूलों द्वारा मांगी जा रही अप्रैल मई जून की फीस को माफ कराया जाए और स्कूल खुलने पर सिर्फ बिना बढ़ाई गई ट्यूशन फीस ही पेरेंट्स से दिलवाई जाए। अभिभावकों ने बताया कि मंच द्वारा ट्वीट के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र के समर्थन में वे ट्वीट को आगे रीट्वीट करके मुख्यमंत्री से अपील कर रहे हैं कि वे अभिभावकों के हित में शीघ्र निर्णय लें क्योंकि स्कूल प्रबंधक बार-बार अभिभावकों को नोटिस भेजकर बढ़ी हुई ट्यूशन फीस, एनुअल चार्ज व अन्य फंडों में फीस जमा कराने के लिए हर तरह का दबाव डाल रहे हैं और बच्चे का नाम काटने की धमकी दे रहे हैं। स्कूल बंद हैं, ऑन लाइन क्लास भी ठीक प्रकार से नहीं चल रही है फिर भी वे बिना बढ़ाई गई ट्यूशन फीस मासिक आधार पर देने को तैयार हैं लेकिन स्कूल संचालक स्वीकार नहीं कर रहे हैं।
