कोरोना वैक्सीन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के बीच जुबानी जंग शुरू हो चुकी है। बात ये है कि कोरोना वैक्सीन की कमी को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार से वैक्सीन की डोज बढ़ाने की मांग की थी। जिसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा केजरीवाल को सुझाव दिया गया था।
सुझाव स्वरूप कहा गया था कि केजरीवाल को सूझ-बूझ ही नहीं है। अगर धीरे-धीरे वैक्सीन लगाते तो वैक्सीन खत्म नहीं होती। इस पर केजरीवाल ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि वैक्सीन से ही लोगों की जान बचेगी। जितनी जल्दी वैक्सीन लगेगी, उतने लोग सुरक्षित होंगे। मेरा मकसद वैक्सीन बचाना नहीं, लोगों की जान बचाना है।
आपको बता दें कि दिल्ली में पीएम मोदी की बैठक के बाद सीएम मनोहर लाल से जब इस मुद्दे पर सवालात किए गए तो इसके जवाब में सीएम मनोहर लाल ने कहा कि मैंने कहा है कि कोरोना वैक्सीन का जितना स्टॉक उपलब्ध है, उसके हिसाब से ही वैक्सीन टीकाकारण का अभियान चलाना चाहिए। ऐसा नहीं कि सारे स्टॉक को एक ही दिन में खत्म कर दे। केजरीवाल के बयान पर मनोहर लाल ने कहा कि राजनीति करना उनका स्वभाव है और वो हमेशा से ही राजनीति करते आए हैं।
