फरीदाबाद : ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन से रात में पास हो रही यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में किसी शरारती तत्व ने पत्थर मार दिया। ट्रेन में सफर रहे एक यात्री के सिर में गंभीर चोट आयी है। उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जीआरपी ने केस दर्ज कर लिया है लेकिन पत्थर मारने वाले का सुराग नहीं लगा है।
जानकारी के अनुसार यूपी के महोबा जिला निवासी अर्पित ने जीआरपी को दी शिकायत में कहा है कि वह दस साल से दिल्ली के विनोदनगर में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। वह यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से परिवार के साथ गांव जा रहे थे। साथ में पिता करन सिंह, मां कपूरी व भाई सोनू थे। सभी हजरत निजामुद्दीन से ट्रेन में सवार हुए थे। रात करीब 8.30 बजे ट्रेन फरीदाबाद से पास हो रही थी। बल्लभगढ पहुंचने से पहले किसी ने कोच में पत्थर मारा जिससे भाई सोनू के सिर में लगा और वह बेहोश हो गया।
मथुरा स्टेशन आने पर आरपीएफ व जीआरपी को सूचना दी और इलाज के लिए निजी अस्पताल लेकर गए। आराम ना होने पर आरएमएल अस्पताल दिल्ली लेकर आए। वहां से सफदरगंज अस्पताल दिल्ली भेज दिया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। जीआरपी थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़ित से शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच की जा रही है।
