आंधी और बारिश के बाद बुधवार को भी पानीपत में मौसम सुहाना रहा। हालांकि सुबह के समय हवाएं शांत रहीं, लेकिन आसमान में आंशिक रूप से छाए बादलों ने गर्मी की तपिश को कम किया। बुधवार को बादल छाने के साथ बारिश के आसार बताए गए हैं। बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
यास तूफान और अरब खाड़ी पर बने हवाओं के चक्रवात के कारण सोमवार रात को आंधी और बारिश के बाद मंगलवार को भी दिन में रुक-रुककर बारिश होने के साथ दिनभर तेज हवाएं चलीं। जिस कारण तापमान में गिरावट के साथ तपती गर्मी से राहत मिली। पानीपत में 25 मई से नौ तपा शुरू हुआ था। सामान्य रूप से इन नौ दिनों में गर्मी अपने चरम पर रहती है। पहले सात दिनों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया था, लेकिन सोमवार रात से मौसम बदला और नौ तपा के आखिरी दो दिन तपती गर्मी और लू से राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. DP दुबे ने बताया कि यास तूफान और चक्रवात के कारण पानीपत में बुधवार को भी मौसम में ठंडक बनी रहेगी। इससे दिन का तापमान स्थिर बने रहने के साथ तेज हवा और बारिश होने के आसार हैं। गुरुवार से दिन और रात के तापमान में बढ़ोत्तरी होगी। जिससे गर्मी फिर से लौटेगी।
