फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] हरियाणा के मुख्य राज्य सूचना आयुक्त यशपाल यशपाल सिंघल ने अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के लिए डॉक्टरों की भर्ती एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी मेडिकल कॉलेज की वेबसाइट पर सार्वजनिक करने का आदेश दिया है। सामाजिक कार्यकर्ता अजय बहल की आरटीआई की सुनवाई के दौरान राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त ने यह आदेश जारी किया है।
सामाजिक कार्यकर्ता बहल ने चार मई 2021 को चिकित्सक शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग हरियाणा से सरकारी मेडिकल कॉलेज छांयसा फरीदाबाद में सरकार द्वारा की जाने वाली 120 डॉक्टरों की नियुक्ति एवं अन्य सेवाओं बारे सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 में जानकारी मांगी थी।
कोरोना महामारी में स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव और लोगों की जान की रक्षा से जुड़े इस मामले से संबंधी यह सभी जानकारी विभाग को सूचना अधिनियम 2005 की धारा 7 के अंतर्गत 48 घंटे की समय सीमा में उपलब्ध करवानी थी।
विभाग द्वारा समयपूर्वक कोई भी जानकारी न दिए जाने पर आवेदनकर्ता ने राज्य सूचना आयोग हरियाणा में 15 मई को द्वितीय अपील दायर कर दी थी। 28 मई सन् 2021 को मामले की सुनवाई के दौरान विभाग के उप निदेशक डॉक्टर नरेंद्र मलिक ने बताया कि यह सूचना का आवेदन विभाग द्वारा मेडिकल कॉलेज के जन सूचना अधिकारी को स्थानांतरित कर दिया गया है व अब सूचना मेडिकल कॉलेज द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। सुनवाई उपरांत मुख्य राज्य सूचना आयुक्त यशपाल सिंघल जी ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को तय समय में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोग ने चिकित्सक शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव को अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल छांयसा में डॉक्टरों के चयन एवं नियुक्तियों से संबंधित सभी जानकारी अगले 30 दिन में अपनी वेबसाइट पर डालने के आदेश दिए हैं।
