दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज कहा कि कोरोना के ख़िलाफ़ दिल्ली ने अपनी लड़ाई पूरी मज़बूती के साथ लड़ी है, अब वक्त अर्थव्यवस्था को धीरे-धीरे फिर से पटरी पर लाने का है। उन्होंने कहा कि फिलहाल दिल्ली में लॉकडाउन जारी रहेगा , ऑड-ईवन के हिसाब से खुलेंगी दुकानें।
सुबह 10 से शाम 8 बजे तक खुलेंगी दुकानें
जरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में सोमवार के आगे भी लॉकडाउन जारी रहेगा लेकिन काफी रियायत दी जा रही है। बाज़ार, मॉल को ऑड-ईवन के आधार पर सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक के लिए खोला जा रहा है। दिल्ली मेट्रो भी 7 जून से खुलेगी। एक अधिकारी ने बताया कि सरकार कोविड-19 की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने पर सात जून से बाजार खोलने और अन्य गतिविधियों की अनुमति दे सकती है। पिछले हफ्ते सरकार ने दिल्ली में चरणबद्ध तरीके से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू करते हुए विनिर्माण और निर्माण गतिविधियों की अनुमति दी थी। दिल्ली में लॉकडाउन 19 अप्रैल को लगाया गया था।
केजरीवाल ने तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों पर की थी चर्चा
केजरीवाल ने शुक्रवार को कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर की तैयारियों और ऑक्सीजन प्रबंधन व आईसीयू बिस्तर सहित इससे जुड़ी विभिन्न तैयारियों को लेकर गठित दो समितियों के साथ बैठकें की। सरकार ने कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से निपटने और प्रबंधन के तरीके को सुझाने के लिए 27 मई को आठ सदस्यीय ‘विशेषज्ञ समिति’ का गठन किया था।
व्यापारियों के संगठन की बाजारों को खोलने की मांग की
वहीं घरेलू व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने वीरवार को दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पत्र लिखकर शहर में कोविड-19 संक्रमण की घटती दर का संज्ञान लेने एवं बाजारों को दोबारा खोलने के लिए “तत्काल आदेश” जारी करने की अपील की। कैट के मुताबिक शहर के 15 लाख व्यवसायियों पर एक महीने से ज्यादा समय से लगे लॉकडाउन की वजह से काफी बुरा असर पड़ा है और उनकी माली हालत खराब हो गयी है।
व्यावसायिक गतिविधियां चालू करने की मांग
संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीण खंडेलवाल द्वारा लिखे पत्र में कहा गया, “सरकार और दिल्ली के लोगों के संयुक्त प्रयासों से शहर में कोविड की स्थिति पर काफी असर पड़ा है। इन सबको देखते हुए हम आपसे दिल्ली में लॉकडाउन हटाने के लिए तत्काल कदम उठाने का अनुरोध करते हैं जो इस समय जरूरी है ताकि अब व्यावसायिक गतिविधियां बिना किसी देरी के चालू हो सकें।
