मध्य प्रदेश के रतलाम में एक शराबी पति अपनी पत्नी से इस कदर नाराज हुआ कि उसने गैस सिलेंडर में ब्लास्ट कर दिया। दिल दहला देने वाली यह घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के कृष्ण विहार कॉलोनी की है। यहां का रहने वाला उत्तम यादव शराब के नशे में अकसर अपनी पत्नी वर्षा से विवाद करता था, लेकिन इस बार शराब के नशे में उत्तम यादव ने यह हरकत कर पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया।
जानकारी के मुताबिक, हर रोज की तरह घटना वाले दिन भी उत्तम यादव नशे में अपनी पत्नी वर्षा यादव से झगड़ा कर रहा था। गुस्से में उसने घर में रखी गैस की टंकी में आग लगा दी। जिसमे गैस टंकी में धमाके के साथ ब्लास्ट हो गयी, धमाका इतना जोरदार था कि इससे घर की छत उड़ गई और घर की दीवारें टूट गई। गनीमत यह रही कि इस दौरान पत्नी और बच्चे घर से बाहर निकल चुके थे। जबकि उत्तम यादव खुद घर के दूसरी तरफ शौचालय में जा कर बैठ गया। वहीं पति की इस हरकत से पत्नी वर्षा यादव इतनी सहम और डर गई है कि वह अब अपने पति के साथ रहना ही नहीं चाहती। उसका कहना है कि शादी के बाद से ही उसका पति उसे परेशान करता आया है। वर्षा ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसके पति पर कानूनी कार्रवाई की जाए और उससे तलाक दिलाया जाए। वहीं इस घटना के बाद पुलिस ने वर्षा के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
