फरीदाबाद : गुरुग्राम नहर पर छह लेन का पुल बनाने के लिए कोरोना संक्रमण की वजह से मजदूर नहीं मिल पा रहे हैं। इस कारण यहां करीब एक माह से निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का मानना है कि अब इस पुल का निर्माण अगले वर्ष तक ही पूरा हो सकेगा।
18 अप्रैल को सिंचाई विभाग के ठेकेदार ने पाइल टेस्ट करने के लिए सेक्टर-तीन पुल पर बेरिकेड और पत्थर रखकर ट्रैफिक रोक दिया था। इसके बाद नए पुल की लोड टेस्टिंग के लिए पुराने पुल को तोड़ दिया गया था। वहीं पाइल टेस्टिंग की तैयारी शुरू कर दी गई थी। इस बीच कोरोना संक्रमण की लहर आने के कारण यहां निर्माण कार्य ठप हो गया था। अब लॉकडाउन में ढील हुई तो ठेकेदार को मजदूर मिलने में दिक्कत होने लगी है। इस पुल के निर्माण के लिए पश्चिम बंगाल से मजदूर आने हैं। विभाग को उम्मीद है कि कोरोना संक्रमण की दर कम होने से पुल निर्माण के लिए मजदूरों की व्यवस्था जल्द हो जाएगी। बता दें कि सन् 2019 के दिसंबर माह में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से इस पुल को बनाने की मांग की थी। इसके बाद से ही पुल का कार्य किसी न किसी वजह से अटकता आ रहा है। अभी तक अधिकारी अक्टूबर माह तक इस पुल के तैयार होने की उम्मीद जता रहे थे। मगर, अब इसका निर्माण अगले वर्ष तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बरसात में भी रोकना पड़ेगा निर्माण कार्य: इस पुल का निर्माण कार्य यदि लगातार चलता है तो छह माह के अंदर पुल तैयार हो जाएगा। मगर, अब बरसात का सीजन सर पर आ चुका है। इस कारण बरसात में भी इस पुल का निर्माण कार्य रोकना पड़ेगा। यदि कोविड की तीसरी लहर आती है तो उस वजह से भी पुल का निर्माण कार्य प्रभावित होगा।
‘ पुल निर्माण के लिए पाइल और लोड टेस्टिंग का काम रुका पड़ा है। ठेकेदार को निर्माण के लिए मजदूर नहीं मिल पा रहे हैं। वैसे ठेकेदार ने एक-दो दिन में मजदूरों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है। मजदूर मिलते ही यहां काम शुरू हो जाएगा
अरविंद कुमार, एसडीओ, सिंचाई विभाग
06 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा पुल
100 फुट लंबा होगा पुल
76 फुट चौड़ी है गुरुग्राम नहर
08 इलाके बसे हैं पुल के नजदीक
