हरियाणा के जींद जिले में बुधवार यानी आज सुबह एक खौफनाक सड़क हादसा हुआ। जिसमें दिल्ली पटियाला हाईवे पर नरवाना के बेलरखा गांव के पास प्राइवेट बस पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बता दें कि ये बस नरवाना से पंजाब की ओर जा रही थी। बस में करीब 74 लोग सवार थे। हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर मिली है। उधर, हादसे की सूचना से अवगत होते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मिली जानकारी की मानें तो धान लगाने हेतु बिहार जिला के सुपौल से मजदूरों को लेकर ये बस पंजाब के लिए रवाना हुई थी। फिर अचानक बेलरखा गांव के नजदीक बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई है। मृतक का नाम सुरेश है, मंडल पुत्र खट्टर मंडल उम्र 40-45 वर्ष गांव गीदराही जिला सुपौल बिहार निवासी है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। वहीं परिजनों को भी मामले से अवगत करा सूचना दे दी गई है।
