फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा ] कोरोना के चलते स्कूल बंद होने के बाद भी सेक्टर-37 का एक निजी स्कूल अभिभावकों से बढ़ी ट्यूशन फीस, एनुअल चार्ज, एडमिशन फीस, डेवलपमेंट फंड आदि मांग रहा। फीस जमा न करने पर बच्चों की ऑनलाइन क्लास बंद कर स्कूल से नाम काटने की धमकी दे रहा है। इससे गुस्साए अभिभावकों ने बुधवार को स्कूल के सामने प्रदर्शन किया। ये स्कूल से सिर्फ बिना बढ़ाई गई ट्यूशन फीस लेने की मांग की। अभिभावक विजय सिंह, दिनेश वशिष्ठ, संजय यादव, प्रवीण, स्वरूप, गौरव शर्मा, शिव, ललित, स्वराज नागर, राजेश कुमार का कहना है कि कोरोना के चलते काम-धंधे बंद होने से अभिभावकों की आर्थिक स्थिति खराब है। ऐसे में स्कूल मनमानी कर बढ़ी हुई फीस वसूल रहा है। स्कूल अभिभावकों को नोटिस भेजकर व टीचरों से मैसेज करा बढ़ाई गई ट्यूशन फीस, एनुअल चार्ज, एडमिशन फीस व अन्य फंड्स में फीस जमा करने के लिए दबाव डाल रहा है। अभिभावकों का कहना है घरों में कई सदस्य कोरोना संक्रमित होने से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई भी ठीक से नहीं चल रही है। केंद्र व राज्य सरकारें 10वीं और 12वीं की परीक्षा रद्द कर स्टूडेंट्स को कोविड से बचाने का प्रयास कर रही है। ऐसे में उक्त निजी स्कूल एक्स्ट्रा चार्ज के नाम पर मनमानी कर रहा है। अभिभावकों ने कहा स्कूल बंद हैं। इससे स्कूल के खर्चे कम हैं। उसके बाद भी स्कूल एनुअल चार्ज, डेवलपमेंट सहित अन्य फंड्स में नाजायज फीस मांग रहा है। पैरेंट्स बिना बढ़ाई ट्यूशन फीस मासिक आधार पर देने को तैयार हैं लेकिन स्कूल लेने को तैयार नहीं है। वह अन्य फंड भी मांग रहा है। स्कूल की इस मनमानी को लेकर अभिभावक बुधवार को प्रिंसिपल से मिलने पहुंचे थे लेकिन उन्होंने मिलने से इंकार कर दिया। इससे अभिभावकों को स्कूल के आगे प्रदर्शन करना पड़ा। इसके बाद अभिभावक अपना ज्ञापन व मांगपत्र गेटमैन को देकर चले गए। अभिभावक एकता मंच हरियाणा के प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा ने कहा कि पैरेंट्स शुक्रवार को बैठक कर आगे की रणनीति बनाएंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
