प्रदेश के 18 जिलों में गुरुवार रात आई आंधी-बारिश के कारण अंधेरा छा गया। जगह-जगह बिजली के खंभे व पेड़ गिरने से कई शहरों में 10 घंटे और गांवों में 20 घंटे तक बिजली सप्लाई बाधित रही। कई गांव ऐसे भी हैं, जहां ज्यादा नुकसान हुआ है। वहां शाम 7 बजे तक बिजली चालू नहीं हो पाई। बिजली न आने से लोगों को पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ा। वहीं राेजमर्रा के काम रुक गए। रोहतक के गढ़ी सांपल में मकान का छज्जा गिरने से 35 वर्षीय महिला कविता की मौत हो गई व परिवार को 3 सदस्य घायल हैं। करनाल के निर्मल विहार में दो मकानों पर आसमानी बिजली गिरने से इलेक्टॉनिक सामान जल गया। दीवार में दरार आ गई है।
मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। आज शाम से फिर प्रदेश में बरसात की संभावना बन रही है। क्योंकि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन पंजाब के पास बनने जा रहा है। यहां से एक टर्फ पंजाब से लेकर हरियाणा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनेगा। इस कारण नमी वाली हवाएं हरियाणा की ओर आ रही हैं। इस कारण पंजाब, हरियाणा में कहीं-कहीं भारी बरसात की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 12 जून को दिन में बादल छाएंगे, जबकि शाम को बरसात हो सकती है। कई जगह भारी बरसात की संभावना भी है। ऐसा मौसम 17 जून तक रहने की संभावना है।
news source from : dainikbhaskar
