क्रेडिट कार्ड का सालाना चार्ज माफ करने के बहाना बनाकर एक व्यक्ति से करीब 1 लाख 19 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ठगी के शिकार पीड़ित ने कालवाड़ थाने में केस दर्ज करवाया है। इसकी जांच खुद थानाप्रभारी गुरुदत्त सैनी कर रहे है। पुलिस के मुताबिक ऑनलाइन ठगी की वारदात गांव पिंडलोई, माचवा के रहने वाले शंकरलाल चौधरी के साथ हुई। गत 31 मई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। फोन करने वाले युवक ने खुद को आरबीएल कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि आपके आरबीएल क्रेडिट कार्ड का सालाना चार्ज माफ किया जाएगा। इसके लिए कुछ प्रोसेस करना है। इसके लिए आपके मोबाइल फोन पर एक ओटीपी नंबर आएगा। झांसे में आकर शंकरलाल चौधरी ने फोन करने वाले शातिर ठग को ओटीपी नंबर बता दिया। इसके बाद उनके खाते से 1 लाख 19 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर शातिर ठग ने निकाल लिए।
ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के बहाने पहले पिन नंबर देखा, फिर एटीएम चुराकर 28 हजार रुपए
सीताबाड़ी, सांगानेर के रहने वाले धर्मराज धौलिया ने सिंधीकैंप थाने में रविवार को केस दर्ज करवाया। जिसमें बताया कि वह सिंधीकैंप इलाके में एक होटल में मौजूद था। वहां एक व्यक्ति उसे मिला। उसने बातचीत के बहाने रुपयों की जरुरत होना बताया और 2000 रुपए उसके खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात कही। तब शातिर ठग ने झांसे में लेकर पीड़ित के मोबाइल फोन पे के जरिए अपने खाते में 2000 रुपए ट्रांसफर कर लिए। इस बीच ठग ने पिन नंबर देख लिया। इसके बाद नजर बचाकर धर्मराज का एटीएम चुरा लिया। फिर उसके बैंक खाते से 28 हजार रुपए निकाल लिए।
मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला का सोने का आभूषण लूटकर भागे बदमाश
हरमाड़ा इलाके में बाइक सवार दो बदमाश रविवार को मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला के गले से सोने का आभूषण लूटकर भाग निकले। पुलिस के अनुसार बनावता की ढाणी, नींदड़ कस्बे के रहने वाले नीरज कुमार मीणा ने दर्ज करवाया कि रविवार को सुबह पौने 6 बजे उनकी मां मॉर्निंग वॉक पर गई थी। तभी बाइक पर सवार दो युवक आए। इनमें बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने नीरज की मां के गले पर झपट्टा मारा और सोने का जोल्या लूटकर भाग निकले। वारदात के बाद महिला ने काफी हल्ला मचाया। लेकिन सूनसान जगह होने से कोई मदद करने नहीं आया। इससे बाइक सवार लुटेरे आसानी से भाग निकले।
news source from : dainikbhaskar
