हेड कांस्टेबल को थप्पड़ जड़ने के बाद से सुखिर्यों में बनी हुई कुशलगढ़ से निर्दलीय विधायक रमीला खड़िया के तीसरे दिन यानी मंगलवार सुबह सुर बदले हुए नजर आए। पुलिस की दर्ज एफआईआर से बने दबाव के बीच उन्होंने थप्पड़ जड़ने जैसे सभी आरोपों को निराधार बताया। अब वे यह कहती दिखीं कि पूरे कोरोनाकाल में पुलिस जवान धूप-छांव में उनका कर्तव्य निभा रहे हैं। आखिर जवानों से उनका क्या बैर हो सकता है। उनका इनसे क्या लेना-देना है। रमीला ने कहा कि यह नाकेबंदी पर तैनात हेड कांस्टेबल को थप्पड़ जड़ने वाला पूरा मामला झूठा है। आरोप मनगढ़ंत हैं। सीआईडी की जांच में सब सच सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। नेताओं पर आरोप लगते रहते हैं। वह ऐसी किसी बात का बुरा नहीं मानतीं। इस पूरे घटनाक्रम को उन्होंने राजनीति से प्रेरित बताते हुए इस पर कोई कमेंट करने से मना कर दिया। गौरतलब है कि कुशलगढ़ क्षेत्र में नाकेबंदी के दौरान रविवार रात को हेड कांस्टेबल महेंद्र नाथ ने विधायक के कार्यकर्ता सुनील को रोका था। विवाद पर पहुंचीं विधायक रमीला ने हेड कांस्टेबल को थप्पड़ जड़ा था। जवान को दो कौड़ी का बताते हुए सस्पेंड कराने की भी धमकी दी थी। जवान की शिकायत पर पुलिस ने मामले में सोमवार रात को विधायक सहित पांच समर्थकों के खिलाफ मारपीट और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज किया। उदयपुर आईजी ने मामले की जांच सीआईडी-सीबी को सौंपी है। इधर, भाजपा ने भी मामले को मुद्दा बनाते हुए विधायक से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा मांगा है।
बोलीं न गहलोत दुश्मन, न पायलट से दुश्मनी
विधायक रमीला ने कहा कि सरकार को लेकर पायलट खेमे से उठ रहे विरोधी सुर पार्टी का हिस्सा है। उनके न तो मुख्यमंत्री गहलोत दुश्मन हैं और न ही सचिन पायलट से उनकी दुश्मनी है। उनके मामले में सरकार स्तर पर बनाए जा रहे दबाव की बात से भी रमीला ने इनकार किया। विधायक ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इसमें सरकार का कोई दबाव है।
News source from : dainikbhaskar
