हरियाणा रोडवेज के ड्राइवर के खिलाफ बस में स्मोकिंग करने की शिकायत चंडीगढ़ कंज्यूमर कमीशन में पहुंची थी, लेकिन कमीशन ने शिकायत को खारिज कर दिया। जज ने फैसले में कहा- अंग्रेजी कहावत है- ओल्ड हैबिट्स डाय हार्ड, यानी पुरानी आदतें मुश्किल से मरती हैं। जज ने कहा कि जोर-जबरदस्ती से स्मोकिंग जैसी बुरी आदत को 100 परसेंट खत्म करना नामुमकिन है। हालांकि ये भी कहा कि स्मोकिंग सेहत के लिए नुकसानदायी है, लेकिन इस बुराई को समाज से खत्म करने के लिए लोगों में खुद स्ट्रॉन्ग विल पावर होनी चाहिए। प्रजापत ने कंज्यूमर कमीशन जाने से पहले ड्राइवर के खिलाफ रोडवेज डायरेक्टर को भी शिकायत दी थी। डिपार्टमेंट ने ड्राइवर पर 200 रुपए जुर्माना लगा दिया था। प्रजापत का कहना था कि पब्लिक प्लेस पर स्मोकिंग करना गलत है, लेकिन विभाग ने 200 रुपए जुर्माना लगा औपचारिकता की है। इसलिए कंज्यूमर कमीशन में शिकायत दी। लेकिन जज ने कहा कि ड्राइवर पर पहले ही जुर्माना लगाया जा चुका है, दूसरी बार जुर्माना लगाना सही नहीं होगा।
6 साल में 6 बार कर चुके हैं शिकायत
हिसार के अशाेक कुमार प्रजापत को स्मोकिंग से दिक्कत है। वह 6 साल में 6 बार डिस्ट्रिक्ट कंज्यूमर कमीशन में शिकायत दे चुके हैं। जज भी कई बार सराहना कर चुके हैं कि वे इस मुद्दे को उठाते हैं। प्रजापत ने शिकायत में बताया कि 1 जुलाई 2019 को वे जींद से कैथल जा रहे थे। उन्होंने 55 रुपए की टिकट ली। लेकिन जब बस पटियाला चौक पर रुकी तो ड्राइवर ने बस में ही स्मोकिंग शुरू कर दी। उन्होंने ड्राइवर को रोका और कहा कि पब्लिक प्लेस पर स्मोकिंग बैन है। हालांकि उनके कहने पर ड्राइवर ने स्मोकिंग बंद कर दी।
