हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को एक नई नीति की घोषणा की, जिसके तहत आठवीं से 12वीं कक्षा तक के उन छात्रों को एक्स्ट्रा नंबर दिए जाएंगे जो पौधे लगाएंगे और उसकी देखभाल करेंगे। उन्होंने कहा कि अंतिम परीक्षा में कुछ अतिरिक्त अंक का यह प्रावधान राज्य के स्कूली शिक्षा बोर्ड के तहत आने वाले स्कूलों के छात्रों के लिए होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रावधान के प्रारूप पर जल्द ही काम किया जाएगा। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि उन्होंने पंचकूला जिले में मोरनी पहाड़ियों में स्थित ‘नेचर कैंप थापली और प्राकृतिक रास्तों के मनोरम दृश्य के बीच एक पंचकर्म स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करने के बाद यह घोषणा की। खट्टर ने पंचकूला जिले के मोरनी पहाड़ी क्षेत्र में गर्म हवा के गुब्बारे, पैराग्लाइडिंग और पानी पर चलने वाले स्कूटर सहित रोमांचक खेलों में भी भाग लिया। उन्होंने कहा कि पड़ोसी क्षेत्रों के युवाओं को पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा और इन गतिविधियों के संचालन के लिए एक क्लब बनाया जाएगा। क्लब का नाम महान खिलाड़ी मिल्खा सिंह के नाम पर रखा जाएगा, जिनका शुक्रवार को यहां कोविड-19 संबंधी जटिलताओं के कारण निधन हो गया। खट्टर ने कहा, ‘इसका नाम ‘फ्लाइंग सिख’ (दिवंगत) मिल्खा सिंह के नाम पर रखा जाएगा।’उन्होंने कहा कि पंचकूला और उसके आसपास के क्षेत्रों की एकीकृत विकास योजना से स्थानीय लोगों को रोजगार के कई अवसर मिलेंगे और पंचकूला को देश का सबसे विकसित शहर बनने में मदद मिलेगी। बयान में कहा गया है कि पंचकूला एकीकृत विकास परियोजना के तहत मोरनी पहाड़ियों में वन विभाग द्वारा ग्यारह प्राकृतिक रास्ते (ट्रेल्स) विकसित किए गए हैं। स्थानीय युवा गाइड के रूप में काम करेंगे और पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति और परंपराओं और क्षेत्र के वनस्पतियों और जीवों के बारे में भी समझाएंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 ThemeSphere. Designed by CSe.
