फरीदाबाद : [मिथलेश मिश्रा ] औद्योगिक नगरी के होनहार युवक गौरव मठपाल भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग आफिसर बन गए हैं। साधारण पृष्ठभूमि वाले परिवार के इस युवक ने डॉक्टरी छोड़कर देश सेवा करने का संकल्प लिया। हैदराबाद में शनिवार को संपन्न हुई पासिंग आउट परेड के बाद गौरव विधिवत रूप से वायुसेना के अंग बन गए। उनकी इस सफलता पर परिवार और सेक्टर के लोाग फूले नहीं समा रहे।
मूल रूप से उत्तराखंड के रानीखेत निवासी 24 वर्षीय गौरव मठपाल के पिता पुष्कर मठपाल होटल व्यवसाय से जुड़े हैं। जबकि मां माया मठपाल गृहणी हैं। इनका परिवार यहां सेक्टर 21 डी में रहता है। इनकी छोटी बहन वीशू मठपाल भी होटल मैनेजमेंट का कोर्स कर रही है। गौरव के पिता पुष्कर मठपाल ने बताया कि बेटे ने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा डीएवी स्कूल सेक्टर 49 से 94 फीसदी अंकों के साथ पास की थी। इसके बाद मेडिकल की तैयारी की। उसमें गौरव का सिलेक्शन बीडीएस में हो गया। लेकिन उसने मेडिकल छोड़कर सेना में जाने का मन बनाया। उसने भुवनेश्वर यूनिवर्सिटी से बीएसी एग्रीकल्चर की पढ़ाई की। इसके बाद एफ कैट की परीक्षा पास कर वायुसेना के लिए चयनित हुए। डेढ़ साल की कठिन ट्रेनिंग के बाद गौरव फ्लाइंग आफिसर बन गए। पासिंग आउट परेड के बाद उनको पहली तैनाती कर्नाटक मेें मिली है। गौरव की इस सफलता पर सेक्टरवासियों में हर्ष का माहौल है।
