फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] नगर निगम में शामिल किए गए पृथला क्षेत्र के 7 गांवों में विकास कार्य बाधित होने से मंगलवार को हरियाणा भंडारण निगम के चेयरमैन एवं विधायक नयनपाल रावत एफएमडीए की सीईओ एवं नगर निगम कमिश्नर गरिमा मित्तल से मिले। उन्होंने कहा इन गांवों को निगम में शामिल करने के बाद यहां विकास कार्य पूरी तरह से रुक चुके हैं। इससे लोग परेशान हैं। रावत ने कहा बरसात का सीजन आ गया है। इन गांवों की सड़कें जर्जर हाल में हैं। इससे यहां के लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ेगा। इसलिए इन गांवों में विकास कार्य जल्द शुरू कराने चाहिए। विधायक ने कहा सीएम मनोहर लाल ने जिस योजना के तहत इन गांवों को निगम में शामिल किया है, उसी के तहत इन गांवों को विकास की दृष्टि से स्मार्ट बनाया जाए। सीएम की सोच है कि गांवों में रहने वाले लोगों को भी शहरों की तर्ज पर आधुनिक सुविधाएं मिलें।
एफएमडीए की सीईओ एवं नगर निगम कमिश्नर गरिमा मित्तल ने विधायक की बातों को सुनने के बाद तुरंत एक्सईएन को इन गांवों में विकास कार्य कराने के लिए चार्ज सौंपा और आश्वासन दिया कि जल्द यहां की समस्याओं का समाधान होगा। जो 7 गांव निगम में शामिल किए गए हैं उन्हें स्मार्ट बनाया जाएगा और वहां सीसीटीवी कैमरे व अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। जिससे लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। कुछ समय पहले पृथला विधानसभा क्षेत्र के साहूपुरा, सोतई, मलेरणा, चंदावली, नवादा व मुजेड़ी गांव को नगर निगम में शामिल किया गया है। इन गांवों में विकास अवरूद्ध होने से विधायक ने निगम कमिश्नर से मुलाकात की।
