फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] नगर निगम कर्मचारियों की टूल डाउन हड़ताल बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रही। कर्मचारी नेता बोले नगर निगम की मासिक आय पौने दो करोड़ रुपए है। जबकि वेतन, बिजली बिल, पेंशन व अन्य मासिक खर्च 30 करोड़ रुपए है। फिर कैसे चलेगा निगम। इस पर न अधिकारी सोच रहे और न यहां के राजनेता। नेताओं ने कहा कि निगम की हालत इतनी खराब है कि कर्मचारी वेतन के लिए सरकार की ओर से दी जा रही ग्रांट पर निर्भर है। कर्मचारी नेताओं ने कहा नगर निगम में यदि घोटालों की सूची देखी जाए तो एक हजार करोड़ रुपए के घोटाले नगर निगम में अधिकारियों और राजनेताओं की मिलीभगत से हुए हैं। जबकि कर्मचारी वेतन, पेंशन व अन्य आर्थिक भुगतान की मांग को लेकर निगम मुख्यालय पर टूल डाउन हड़ताल करने को मजबूर हैं।
