फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] [ मिथलेश मिश्रा ]बल्लभगढ़ के गुड़गांव कैनाल पर बनाए जाने वाले पुल को बल्लभगढ़ फ्लाईओवर से जोड़ने के लिए वहां मिट्टी डाली जा रही है। इससे सेक्टर-5 स्थित राजीव गांधी इंडस्ट्रियल कॉम्पलेक्स के आने जाने का रास्ता बंद हो रहा है। इस समस्या को लेकर कारोबारियों ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने 20 मिनट में समझा बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस का कहना है कि ये मामला एनएचएआई का है। कारोबारी उनसे वैकल्पिक रास्ते के लिए मांग करें। हाईवे जाम करना गलत है।
बता दें कि बल्लभगढ़ में नेशनल हाईवे पर गुडगांव कैनाल के ऊपर सिक्स लेन का पुल बनाया जा रहा है। यह पुल बल्लभगढ़ फ्लाइओवर को जुड़ेगा। पुल को बनाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके लिए हाईवे के आसपास मिट्टी डाली जा रही है। मिट्टी डाले जाने से सेक्टर-5 की ओर जाने वाला रास्ता बंद हो गया है। बुधवार को इस समस्या को लेकर वहां वर्कशॉप चलाने वाले कारोबारी सड़क पर आ गए और हाईवे जाम कर दिया। कॉम्पलेक्स के प्रधान नरेंद्र कुमार का कहना है कि रास्ता बंद होने से लोगों को मुश्किल हो जाएगी। प्रशासन को वैकल्पिक रास्ते का इंतजाम करने के बाद ही इसे बंद करना चाहिए। जाम की सूचना पर सेक्टर-7 थाना प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्हाेंने समझा बुझाकर जाम खुुलवा दिया। उन्होंने कहा कि अपनी इस समस्या के लिए कारोबारियों को एनएचएआई को पत्र लिखकर रास्ते की मांग करनी चाहिए।
