
अंबाला । अंबाला छावनी के करीब दो हजार लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आशियाना बनाने के लिए दो साल पहले आवेदन किया। दो लाख रुपये मिलने का इंतजार करते रहे है। लेकिन उनको आशियाना बनाने के लिए लोन तक नहीं मिला। नगर परिषद इन सूची में करीब 80 लोगों को गलत नाम-पता न मिलने पर सूची कार्यालय में चस्पा कर दी थी। लेकिन पिछले तीन महीने के भीतर इनमे से 30 लोगों को खोजा गया। नगर परिषद की टीम ने मुहल्लों में जाकर लोगों से पूछताछ की और आवेदकों का पता लगाया। इन आवेदकों का लोन मुख्यालय से स्वीकृत हो चुका था। इन लोगों को एक लाख रुपये की पहली किस्त दे दी गई है। लोन मिलने से लोगों में उत्साह है। अब इनके पास खुद का आशियाना होगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलने है आवास के लिए दो लाख
वर्ष 2017-18 में लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवेदन किए थे। ऐसे लोगों को दो लाख रुपये का लोन दिया जाना है। जो बीपीएल कार्ड धारक है और गरीबी रेखा से नीचे है। ऐसे करीब 2000 लोगों ने अंबाला छावनी से आवेदन किया। अभी तक 180 लोग लोन के लिए स्वीकृत किए गए है। जबकि 142 लोगों को पहली किस्त मिली है। जबकि 80 लोगों को नगर परिषद ने दर्शाया है कि इनका अता-पता तक नहीं मिला।
मकान तोड़ दिए, लेकिन नहीं मिली पहली किस्त
लोगों ने पक्के मकान के लिए कच्चे मकानों को तोड़ दिया। नगर परिषद की टीम ने सर्वे भी किया। मगर लोगों को पहली किस्त तक नहीं मिल पाई। खुद के खर्चे से बाउंड्रीवॉल करानी पड़ी। नगर परिषद कार्यालय के लोग लगातार चक्कर काट रहे है। ताकि उनको दो लाख मिल सकें। नगर परिषद के सचिव राजेश कुमार का कहना है कि जिन लोगों के हमारे पास आवेदन आए है। उनको लोन दिया जा रहा है। कुछ लोगों का नाम-पता नहीं मिल पा रहा था, लेकिन डोर-टू-डोर सर्वे कराकर लोन दिया जा रहा है।
