यमुनानगर : पिछले कई समय से कष्ट निवारण समिति की बैठक बंद थी, लेकिन आज जब कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई तो शिक्षा मंत्री ने तमाम अधिकारियों के साथ मिलकर लोगों की समस्याओं को सुना और उनका समाधान किया। साथ ही साथ कुछ समस्याओं को लेकर जांच के आदेश भी दिए। शिक्षा मंत्री से जब पूछा गया कि स्कूल खोलने को लेकर क्या स्थिति है तो उन्होंने फिलहाल साफ मना कर दिया। उनका कहना है कि बच्चों से लेकर अभिभावक, टीचर्स सब डरे हुए हैं, स्कूल ऐसा नहीं है जैसे कोई बाजार या फैक्ट्री हो, इस पर एक्सपर्ट्स की राय ली जा रही है, कब तक स्कूल खुलेंगे इस बारे में अभी फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता।
वहीं 12वीं के नतीजों को लेकर शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों का रिजल्ट 10वीं की परीक्षा के नम्बरों के आधार पर 30 प्रतिशत, 11वीं की परीक्षा के नम्बरों के आधार पर 10 प्रतिशत, वहीं बाकी 60 प्रतिशत इंटरनल असेसमेंट, प्रैक्टिकल के आधार पर निकाला जाएगा। ये रिजल्ट 31 जुलाई से पहले आ जाएगा क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने भी सभी बोर्ड को 31 जुलाई से पहले 12वीं के नतीजे घोषित करने के लिए कहा है। वहीं जब उनसे पूछा गया कि जैसे सभी बच्चे पास हो रहे हैं और ऐसे में कॉलेज में सभी एडमिशन के लिए पहुंच जाएंगे पर इतनी सीट नहीं होगी तो किस तरीके से स्थिति को मैनेज किया जाएगा? इस पर उनका कहना था कि ऐसे में संस्थान को टेस्ट लेना चाहिए जो बच्चा उसमें अच्छा परफॉर्म करेगा उस आधार पर उसकी बोर्ड की परीक्षा के नम्बरों के आधार पर उसका एडमिशन होना चाहिए। वहीं कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि निजी स्कूलों के लिए एक निश्चित अमाउंट फिक्स कर दिया जाएगा कि 8 या 10 प्रतिशत से ज्यादा फीस ना बढ़ाई जाए क्योंकि पहले देखने को मिलता था कि निजी स्कूल संचालक मन माने ढंग से अपनी फीस बढ़ा देते थे।
