रोहतक : इनेलो महासचिव व पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला ने प्रदेश की सरकार को लुटेरों का गिरोह करार दे दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के मामले में सभी पिछले मुख्यमंत्रियों को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब ओम प्रकाश चौटाला ठीक होने के बाद जहां जनता के बीच जाएंगे, वहीं किसान आंदोलन में टिकरी व सिंघु बॉर्डर पर जाकर किसानों के साथ बातचीत कर सरकार को झुकने के लिए मजबूर कर देंगे। यही नहीं उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। अभय सिंह चौटाला रोहतक में कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे।
चौटाला ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा प्रदेश की मौजूदा सरकार को ईमानदार सरकार बता रहे हैं। लेकिन इस कोरोना काल में जहां धान व सरसों की खरीद में घोटाले हुए, वहीं दवाओं की खरीद को लेकर भी 400 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ, जिसकी कोई भी जांच करवाने को तैयार नहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिलहाल सरकार नहीं लुटेरों का गिरोह काम कर रहा है, जिसने प्रदेश की जनता को लूट कर खा लिया है। उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महंगाई दिनों दिन बढ़ती जा रही है, लेकिन विपक्ष कोई भी मुद्दा नहीं उठा रहा है। यही नहीं भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने तो हरियाणा विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाकर प्रदेश सरकार के लिए ऑक्सीजन का काम किया है और भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने यह राज्यसभा के पिछले चुनाव में यह साबित कर दिया था कि वह किस तरीके से भारतीय जनता पार्टी के साथ मिले हुए हैं और भारतीय जनता पार्टी भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा को सपोर्ट कर रही है, क्योंकि दीपेंद्र सिंह हुड्डा के राज्यसभा के चुनाव में भाजपा ने अपना कोई भी प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारा। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला स्वस्थ होते ही जनता के बीच आएंगे और यही नहीं वे सिंघु बॉर्डर पर टिकरी बॉर्डर पर जाकर किसानों से मुलाकात कर उनसे बातचीत करेंगे और सरकार को किसानों के सामने झुकने के लिए मजबूर कर दिया जाएगा। क्योंकि इनेलो पार्टी हमेशा किसानी से हितैषी रहेगी और किसानों के इस आंदोलन के साथ खड़ी हुई। मायावती व अकाली दल के गठबंधन को लेकर भी अभय सिंह चौटाला ने निशाना साधते हुए कहा कि मायावती पर उन्हें विश्वास नहीं है। क्योंकि वह भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर ही काम करती है। वह सुखबीर बादल से बात करके इस बारे में चर्चा करेंगे। क्योंकि उन्हें पूरी उम्मीद है कि यह अकाली दल को भी बीच रास्ते में छोड़ कर भाग जाएगी।
