दिल्ली सरकार ने कोविड-19 की स्थिति में सुधार को देखते हुए आज से जिम एवं योग संस्थानों को संचालन की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही आज से मैरिज हॉल, होटल और बैंक्वेट हॉल में अधिकतम 50 लोगों के साथ शादी समारोह आयोजित करने की भी छूट मिल गई है।
अनलॉक 5 के लिए दिल्ली तैयार
- दिल्ली में ‘अनलॉक’ से विवाह समारोह आयोजकों ने ली राहत की सांस
- वेडिंग प्लानर और बैंक्वेट हॉल के मालिकों ने दिल्ली सरकार के इस फैसले का किया स्वागत
- बैंक्वेट हॉल के मालिकों को अब अपनी जेब से नहीं करना पड़ेगा कर्मचारियों को भुगतान
- जिन बुक किए गए कार्यक्रमों को टाल दिया गया था, उन्हें दी जा रही प्राथमिकता
- योग संस्थानों ने फिलहाल ऑनलाइन कक्षाएं जारी रखने का लिया फैसला
- जिम संचालकों ने की वैक्सीन लगवा चुके ग्राहकों के लिए विशेष छूट की पेशकश
- सभी जिम को किया गया सेनेटाइज, मशीनों को भी कराया जा रहा ठीक
जिम संचालकों ने 50 फीसदी क्षमता के साथ संचालन के लिए सेनेटाइज कराने का काम शुरू कर दिया है और कोविड-19 टीका लगवा चुके ग्राहकों के लिए विशेष छूट की पेशकश भी कर रहे हैं। दिल्ली में कई शाखा वाले संस्थान ‘योग गुरु’ की संस्थापक नेहा वशिष्ठ ने कहा कि वह धीरे-धीरे योग कक्षाओं का भौतिक संचालन शुरू करने की उम्मीद कर रही हैं लेकिन फिलहाल वह केवल ऐसे परिसर में ही कक्षाएं आयोजित करने के पक्ष में हैं जहां काफी खुली जगह उपलब्ध है और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन किया जा सके।
शादी में शामिल हो सकेंगे 50 मेहमान
- बैंक्विट हॉल में केवल शादी समारोह के लिए ही दी जाएगी इजाजत
- समारोह में केवल 50 लोगों के ही शामिल हाेने की इजाजत
- कोर्ट और घर पर होने वाली शादी में केवल 20 लोग ही हो सकेंगे शामिल
- बैंक्विट और होटल में कोविड से बचाव के तमाम उपायों को करना होगा फॉलो
- नियमों का उल्लंघन होने पर कड़ी कार्रवाई
दिल्ली जिम एसोसिएशन के उपाध्यक्ष चिराग सेठी ने कहा कि पिछले एक साल में से करीब आठ महीने तक जिम बंद रहने के कारण संचालकों को खासा नुकसान उठाना पड़ा है। इस अवधि में कोई कमाई नहीं हुई। इसके बावजूद जिम मालिकों को किराया, बिजली और पानी का तय बिल देने के साथ ही अपने कर्मचारियों की भी आर्थिक सहायता करनी पड़ी। जिम मालिकों की आर्थिक सहायता के लिए शायद ही किसी तरह की सरकारी योजना है।’
