एमडीयू में कुलपति प्रो. राजबीर सिंह के नाम से एक बार फिर साइबर ठगों ने सेंध लगाने का प्रयास किया है। इस बार साइबर ठगों ने एक एचओडी को रविवार शाम 4 बजकर 33 मिनट पर ई-मेल भेजकर मदद मांगी है। अबकि बार साइबर ठगों ने कुलपति प्रो. राजबीर सिंह के नाम का प्रयोग कर अलग ईमेल आईडी officialmail1880@gmail.com ही बना डाली और एक एचओडी को ईमेल कर मदद की गुहार लगाई है। जैसे ही पूरा मामला यूनिवर्सिटी कम्प्यूटर सेंटर के संज्ञान में आया तो तत्काल अलर्ट जारी कर दिया गया। सभी फैकल्टी सदस्यों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके लिए सोशल मीडिया ग्रुप पर भी संदेश जारी कर दिया है कि कोई भी फैकल्टी सदस्य इस तरह की ईमेल पर जवाब ना दें। इसके साथ साइबर क्राइम को देखते हुए पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। देर रात तक विवि की टेक्नीकल टीम इस मामले की अधिक से अधिक जानकारी जुटाने में लगी थी।
ये मामले पहले हाे चुके
21 अगस्त 2020 में भी एक एचओडी को ईमेल के जरिए गिफ्ट वाउचर मांगने का फ्रॉड हुआ था। कई एचओडी को नुकसान हुआ। {प्रो. बिजेंद्र पुनिया के समय 2018 में भी इस तरह से फर्जी ईमेल करने का मामला सामने आया था। लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ।
पुलिस को शिकायत दर्ज करा दी है
फर्जी मेल को लेकर पूरे विवि परिवार को अलर्ट कर दिया है। साइबर क्राइम पुलिस काे भी इस बारे में शिकायत दर्ज करा दी गई है। – सुनीत मुखर्जी, डायरेक्टर, जनसंपर्क एमडीयू।
