फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] कोरोना के डेल्टा प्लस वैरिएंट को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। उसने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम भी शुरू हो चुका है। वहीं जिले में टीकाकरण की गति भी तेज कर दी गई है। नए वैरिएंट को लेकर अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों पर बिस्तरों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। एंबुलेंस सेवा के लिए रोडवेज बसों से लेकर पुलिस वैन तैनात है। हालांकि अभी तक जिले में डेल्टा प्लस वैरिएंट के एक भी मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। कोरोना महामारी की दूसरी लहर से राहत मिली तो कोरोना के नए डेल्टा प्लस वैरिएंट ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बड़े शहरों में नया वैरिएंट तेजी से फैल रहा है। पड़ोसी जिले फरीदाबाद और आठ राज्यों में अब तक करीब 52 मरीजों में पुष्टि हो चुकी है।
जिला नागरिक अस्पताल में बढ़कर 150 बेड होंगे
डेल्टा प्लस वैरिएंट को लेकर जिले के स्वास्थ्य केंद्रों में बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्डों में अभी 100 बेड हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 150 की जा रही है। इसके अलावा होडल अस्पताल में 50 बिस्तरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। बाकी सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अस्थाई तौर पर बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी।
आइसोलेशन वार्डों में पहले की तरह ही स्टाफ मौजूद
सीएमओ डाॅ. ब्रह्मदीप सिंह के अनुसार अभी तक कोरोना के डेल्टा प्लस वैरिएंट का जिले में कोई केस सामने नहीं आया है। इसके बाद भी हेल्थ विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम शुरू हो चुका है। अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। आइसोलेशन वार्डों में पहले की तरह ही स्टाफ तैनात रहेगा।
