शहर की सड़कों पर सफर कराते सिटी बस सर्विस की बसें यात्रियों को सुविधा की जगह तकलीफ दे रही हैं। कारण, सिटी बस में जो सीट लगी हैं वो किसी स्कूल बस में छोटे बच्चों के लिए लगाई जाने वाली सीटों के साइज की हैं। इन सीटों पर बैठते हुए यात्रियों को न तो बेहतर लेग स्पेस मिल पा रहा है और न ही दो सवारी के लिहाज से सीट का स्पेस ठीक नहीं है। पूरे सफर में 1 सीट पर बैठने वाली दोनों सवारियों को खुद को सिमेटकर बैठना पड़ता है।
लेग स्पेस सही नहीं होने से एक यात्री को अपने पैर गैलरी में निकालने पड़ते हैं। दरअसल, इस मामले में बताया जा रहा है कि निगम ने सिटी बस सर्विस के लिए बस में 32 सीट की शर्त लगाई थी। ठेकेदार ने जो बसें रूट पर उतारी हैं वो आयशर कंपनी की हैं, लेकिन इनके सीट स्पेस को लेकर यात्री असुविधा महसूस कर रहे हैं। खास बात ये कि शहर के विभिन्न रूट पर इन बसों को उतारने के पहले इन्हें हर मापदंड पर परखते हुए आरटीए की ओर से फिटनेस और संचालन का परमिट जारी किया गया है। इस समय शहर में सिटी बस सर्विस के तहत 5 बसें शहर के अंदर व 3 बसें नगर निगम सीमा में शामिल गांव खेड़ी साध, बलियाणा और सुनारिया खुर्द व सुनारिया कलां तक संचालित किया जा रहा है।
नए बस स्टैंड से चलाई जा रही सिटी बसों को बस स्टैंड के गेट पर रोककर सवारी बैठाने को लेकर वहां पहले से ही खड़े ऑटो रिक्शा चालकों को पहले ही दिन से नाराजगी है। सोमवार को दूसरे ही फेरे के दौरान जैसे ही गेट पर बस रुकी ऑटो रिक्शा चालक एकजुट होकर इसका विरोध करने लगे। सिटी बस सर्विस के ठेकेदार भीष्म का कहना है कि ऑटो रिक्शा चालक बस में बैठी सवारी तक उतारने लगे थे। बस के चालक व परिचालक के मना करने पर विवाद करने लगे। किसी तरह मामला शांत कराया गया। इस बाबत राेडवेज जीएम कार्यालय में शिकायत दी गई है। इस संबंध में नगर निगम कमिश्नर प्रदीप गोदारा व मेयर मनमोहन गोयल से भी मिलकर उनके समक्ष समस्या रखी जाएगी।
रेलवे स्टेशन पर भी सिटी बस के विरोध में ऑटो रिक्शा चालक
नए बस स्टैंड पर ही नहीं सिटी बसों को लेकर रेलवे स्टेशन पर भी ऑटो रिक्शा चालक विरोध दर्ज करा रहे हैं। वे किसी भी कीमत पर सिटी बसों को रेलवे स्टेशन परिसर से सवारी ले जाने पर खुश नहीं है। ठेकेदार ने अंदेशा जताया है कि यहां पर भी ऑटो रिक्शा वाले उनकी बसों को रोक हंगामा कर सकते हैं।
भास्कर ने उठाया था मुद्दा, बसों में रखवाए पानी के कैंपर व गिलास
सोमवार को सभी सिटी बस में पानी के कैंपर व गिलास रखवाए गए हैं। ताकि गर्मी के मौसम में यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस बारे में दैनिक भास्कर ने गर्मी के सीजन में लोगों की दिक्कत को देखते हुए ये मुद्दा उठाया था।
