गुड़गांव सूरजकुंड रोड पर रविवार रात वाहन की चपेट में आने से दो साल के तेंदुए की मौत हो गई। माना जा रहा तेंदुआ रात में अपने शिकार की तलाश में सड़क पार कर रहा था। इस रोड पर आए दिन कोई न कोई जंंगली जानवार तेज रफ्तार वाहनों का शिकार हो रहा है। बता दें कि अरावली की पहाड़ियों में 100 से अधिक तेंदुआ है। इसके अलावा भी अन्य कई जीव है। इन जीवों को अब अरावली में खाना और पानी उपलब्ध नहीं हो पाता है। ऐसे में खाने की तलाश में यह रात के समय अरावली की पहाड़ियों से निकलकर सड़क पर आ जाते है। इन वन्य जीवों का सड़क पर आना इनकी जान पर भारी पड़ रहा है। इससे पहले भी कई तेंदुआ वाहनों का शिकार बन चुके है। तेंदुआ की मौत के बाद वन्य जीव प्रेमियों में रोष है। सेव अरावली संस्था के अध्यक्ष जितेंद्र भड़ाना ने कहा कि अब तो सरकार जंगल को बख्श दे। वन्य जीव प्रेमी संजय राव ने कहा कि यह पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी कई हादसे हो गए है।
नहीं थम रही वाहनों की रफ्तार
वन्य जीव जन्तु प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर चरण सिंह का कहना है कि उन्होंने सड़क पर चेतावनी बोर्ड लगवाए हुए हैं। फिर भी वाहन चालक इसे नजरअंदाज करते हैं। तेज रफ्तार वाहनों की गति पर जब तक विराम नहीं लगेगा तब तक वन्य जीव शिकार होते रहेंगेे।
